किंग चार्ल्स ने कुरेदा शुभमन गिल का 'जख्म', भारतीय कप्तान से पूछा- लॉर्ड्स में तब कैसा महसूस हुआ था

लंदन, भाषा
Follow us on Google News
share

किंग चार्ल्स तृतीय ने टीम इंडिया से मुलाकात के दौरान शुभमन गिल का 'जख्म' कुरेदा।। उन्होंने भारतीय कप्तान से पूछा कि लॉर्ड्स में मोहम्मद सिराज के आउट होने पर कैसा महसूस हुआ था। भारत को लॉर्ड्स में 22 रन से हार मिली।

किंग चार्ल्स तृतीय और शुभमन गिल

किंग चार्ल्स तृतीय ने मंगलवार को क्लेरेंस हाउस के बगीचे में भारत की पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों से मुलाकात के दौरान लॉर्ड्स में मोहम्मद सिराज के आउट होने को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ करार दिया लेकिन इसके बारे में भारतीय कप्तान शुभमन गिल से पूछे बिना नहीं रह सके। ब्रिटेन के 76 वर्षीय महाराजा ने भारतीय क्रिकेटरों के साथ इस खेल को लेकर काफी समय तक चर्चा की। गिल ने उनसे टीम की मुलाकात को अद्भुत करार दिया। भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दुरईस्वामी और उप उच्चायुक्त सुजीत घोष के साथ कांग्रेस राज्यसभा सांसद एवं बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला तथा सचिव देवजीत सैकिया इस दौरान वहां मौजूद थे।

'हमसे पूछा कि कैसा महसूस हुआ'

गिल ने मुलाकात के बाद कहा, ‘‘यह अद्भुत था। मुझे लगता है कि वह (किंग चार्ल्स) बहुत दयालु और उदार हैं। हमारी उन से बहुत अच्छी बातचीत हुई।’’ भारत को सोमवार को लॉर्ड्स मैदान पर श्रृंखला के रोमांचक तीसरे टेस्ट मैच में 22 रन से हार का सामना करना पड़ा। भारत के आखिरी बल्लेबाज मोहम्मद सिराज थोड़े दुर्भाग्यशाली रहे कि शोएब बशीर की गेंद उनके बल्ले का किनारा लेने के बाद धीरे से विकेट से टकराई और फिर गिल्लियां गिर गयी। गिल ने कहा, ‘‘उन्होंने (किंग चार्ल्स) हमें बताया कि हमारे आखिरी बल्लेबाज के आउट होने का तरीका काफी दुर्भाग्यपूर्ण था, गेंद लुढ़कती हुई विकेट पर लग गई। वह हमसे बस पूछ रहे थे, ‘उसके बाद आपको कैसा महसूस हुआ?’ और हमने उन्हें बताया कि यह हमारे लिए एक दुर्भाग्यपूर्ण मैच था। उम्मीद है कि अगले दोनों मैचों में हमें किस्मत का अच्छा साथ मिलेगा।’’

'दोनों टीमों ने बहुत जुनून दिखाया'

गिल ने इस मौके पर कहा कि भारतीय टीम जब भी इंग्लैंड में खेलती है, उसे प्रवासियों भारतीय से जबरदस्त समर्थन मिलता है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हम इस मामले में भाग्यशाली हैं कि हम जहां भी जाते हैं हमें हमेशा अच्छा समर्थन मिलता है। यहां भी ऐसा ही रहा है। मुझे हालांकि लगता है कि पहले कुछ दिनों में लॉर्ड्स में इंग्लैंड के समर्थक अधिक थे, लेकिन मैच के आखिरी तीन दिनों में हमें दर्शकों से काफी अच्छा समर्थन मिला।’’ गिल का मानना है कि पहले तीन मैचों में क्रिकेट की गुणवत्ता ने लोगों की दिलचस्पी टेस्ट क्रिकेट में बढ़ा दी है। भारतीय कप्तान ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि दोनों टीमों ने बहुत जुनून दिखाया। हमने बहुत गर्व के साथ खेला। हमने मानसिक और शारीरिक रूप से अपना सब कुछ दिया। कोई टेस्ट मैच पांचवें दिन के आखिरी सत्र तक चलता है और आप उसे 20 (22) रन से हार जाते हैं, तो निश्चित रूप से टेस्ट क्रिकेट असली विजेता होगा।’’

'मुलाकात का यह पहला अवसर'

भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात को लेकर अपनी टीम के उत्साह को व्यक्त किया। हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘यह वास्तव में एक बहुत अच्छा अनुभव था। हम पहले भी कई बार इंग्लैंड आए हैं लेकिन उनसे मुलाकात का यह पहला अवसर है। वह बहुत मिलनसार हैं। उन्होंने हमसे हमारी यात्रा के बारे में पूछा।’’ महिला टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने कहा, ‘‘‘रॉयल हाउस’ आकर किंग चार्ल्स से मिलना एक बहुत ही अच्छा अनुभव रहा। हम साउथम्पटन से इतनी दूर आए लेकिन यह वास्तव में शानदार रहा। हमारी टीम की खिलाड़ी इसे लेकर बहुत उत्साहित थीं और हमें खुशी है कि हम यहां हैं।’’ यह कार्यक्रम ब्रिटिश एशियन ट्रस्ट द्वारा आयोजित किया गया था, जो किंग चार्ल्स तृतीय द्वारा दक्षिण एशिया में गरीबी, असमानता और अन्याय से निपटने के लिए स्थापित एक परोपकार है।

चौथा टेस्ट मैच मैनचेस्टर में होगा

ट्रस्ट के कार्यकारी निदेशक हितन मेहता ने कहा, ‘‘ब्रिटिश एशियन ट्रस्ट की शुरुआत 2007 में भारत और पाकिस्तान के बीच एक क्रिकेट मैच से हुई थी, जिसे चार्ल्स तृतीय (तब वे प्रिंस ऑफ वेल्स थे) ने आयोजित करने में मदद की थी। ऐसे में आज क्लेरेंस हाउस में इस कार्यक्रम का आयोजन होना दिल को छूने वाला है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका में हमारे काम के लिए किंग चार्ल्स के निरंतर समर्थन के लिए बहुत आभारी हैं। यह देखना बहुत अच्छा रहा है कि यह एक बहुत छोटे संगठन से बढ़कर दक्षिण एशिया में 1.3 करोड़ लोगों की मदद करने वाला बन गया है।’’ पुरुष टीम इंग्लैंड के खिलाफ अपने चौथे टेस्ट से पहले मैनचेस्टर के लिए रवाना हो गई। पांच मैचों की सीरीज का चौथा टेस्ट 23 जुलाई से ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जाएगा। महिला टीम इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज को 3-2 से जीतने के बाद बुधवार को अपने तीन मैचों की सीरीज के शुरुआती एकदिवसीय मुकाबले के लिए साउथम्प्टन लौट गई।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़किंग चार्ल्स ने कुरेदा गिल का 'जख्म', कप्तान से पूछा- तब कैसा महसूस हुआ था