वर्ल्ड कप 2027 के लिए केविन पीटरसन को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बने इंग्लैंड के मेंटोर
पूर्व कप्तान केविन पीटरसन को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने दक्षिण अफ्रीका में होने वाले आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2027 के लिये मेंटोर बनाया गया है। वे श्रीलंका सीरीज के साथ टीम के साथ जुड़ेंगे।

पूर्व कप्तान केविन पीटरसन को अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के लिये इंग्लैंड की सफेद गेंद की टीमों का विशेषज्ञ मेंटोर बनाया गया है। पीटरसन इस महीने के आखिर में श्रीलंका के खिलाफ टी20 और वनडे शृंखला में मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम के साथ जुड़ेंगे। कोचिंग स्टाफ में मार्कस ट्रेसकोथिक , टिम साउदी, जीतन पटेल और सारा टेलर भी हैं।
वह इस साल आस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के सफेद गेंद के दौरों पर भी टीम के साथ होंगे। इसके बाद पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू शृंखलाओं और विश्व कप में टीम के साथ रहेंगे। यह नियुक्ति पीटरसन के अंग्रेजी क्रिकेट के साथ संबंधों में एक बड़ा बदलाव है। उनका अंतरराष्ट्रीय करियर 2013-14 के एशेज दौरे के बाद समाप्त हो गया था। उन्होंने आखिरी बार 2014 में इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व किया था। अब वह राष्ट्रीय टीम में वापसी करेंगे और उनकी भूमिका मैकुलम को इंग्लैंड के व्हाइट बॉल क्रिकेट खिलाड़ियों को विकसित करने में मदद करने पर केंद्रित होगी।
मेंटोर बनाए जाने के बाद पीटरसन का बयान
पीटरसन ने मेंटोर बनाए जाने के बाद कहा “दक्षिण अफ्रीका में विश्व कप जीतने के इस सफर में टीम की मदद करने का मौका मिलना मेरे लिए बेहद गर्व की बात है। 2014 के बाद पहली बार इंग्लैंड की जर्सी पहनना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान और एक बेहद खास पल है। हमारे पास प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से भरी व्हाइट-बॉल टीम है। मैं इन खिलाड़ियों के साथ मिलकर उनकी पूरी क्षमता को निखारने के लिए अथक परिश्रम करने को लेकर उत्साहित हूं। अगले 12 महीनों तक ब्रेंडन की टीम का हिस्सा बनना एक शानदार अवसर है। मैं जल्द से जल्द शुरुआत करने के लिए बेताब हूं।”
मैकुलन ने क्या कहा?
मैकुलम ने इस नियुक्ति पर बात करते हुए कहा “मैं केपी का बहुत सम्मान करता हूं और क्रिकेट में उनकी उपलब्धियों की सराहना करता हूं। उन्होंने इंग्लिश क्रिकेट पर गहरा प्रभाव डाला है, इसलिए उनके अनुभव, ज्ञान और कद को देखते हुए इस टीम में भूमिका निभाने की इच्छा रखना एक शानदार उपलब्धि है।” उन्होंने आगे कहा- “मैं विशेष रूप से अपने बल्लेबाजों को उनके साथ काम करने का अवसर मिलने से उत्साहित हूं। केपी को उच्चतम स्तर पर प्रदर्शन करने के लिए आवश्यक चीजों की बेहतरीन समझ है, जो हमारे खिलाड़ियों के लिए बेहद मूल्यवान साबित होगी।”
पीटरसन के पास है अनुभव
बता दें कि पीटरसन के पास व्हाइट बॉल क्रिकेट का व्यापक अनुभव है। उन्होंने इंग्लैंड के लिए 136 वनडे और 37 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने दोनों प्रारूपों में 5,500 से अधिक रन बनाए हैं। इसके अलावा उन्होंने 104 टेस्ट मैचों में 8,181 रन बनाए हैं। 2010 में इंग्लैंड को टी20 विश्व कप जिताने में भी उनकी अहम भूमिका थी। 46 वर्षीय पीटरसन को फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी इसी तरह की भूमिका निभाने का अनुभव है। हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि उन्होंने 2025 आईपीएल के दौरान दिल्ली कैपिटल्स के मेंटर के रूप में काम किया था। अब इंग्लैंड टीम के साथ उनका यह कार्यकाल विश्व कप तक चलेगा, जहां मैकुलम की टीम वर्ल्ड कप जीतने का प्रयास करेगी।



