कीसी कार्टी का टूटा दिल, शे होप ने खेली दमदार पारी; वेस्टइंडीज ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से रौंदा
वेस्टइंडीज ने न्यूजीलैंड को पहले वनडे में 7 विकेट से धूल चटाई। कीसी कार्टी भले ही शतक से चूक गए हो, मगर उन्होंने 95 रनों की पारी खेल टीम की जीत में अहम भूमिका निभआी। कप्तान शे होप ने भी दमदार पारी खेली।

वेस्टइंडीज ने न्यूजीलैंड को 5 मैच की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में 7 विकेट से रौंदकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। मेजबान टीम की जीत के हीरो कीसी कार्टी और कप्तान शे होप रहे। कीसी कार्टी शतक से चूकने से निराश जरूर होंगे, मगर उन्होंने 95 रनों की दमदार पारी खेल टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनके अलावा कप्तान शे होप ने नाबाद 87 रन बनाकर टीम को जीत की दहलीज पार करवाई। बता दें, न्यूजीलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 267 रन बोर्ड पर लगाए थे, वेस्टइंडीज ने इस स्कोर को 7 गेंदें शेष रहते हासिल कर लिया।
न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने किया निराश
गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे में न्यूजीलैंड ने टॉस हारकर पहले बैटिंग की। हेनरी निकोलस (27), विल यंग (49), मार्क चैपमैन (27) और टॉम लैथम (25) को अच्छी शुरुआत तो मिली, मगर इनमें से कोई भी बड़ी पारी नहीं खेल पाया। नंबर-4 पर उतरे डेरेल मिशेल ने जरूर अर्धशतक जड़ते हुए 65 रनों की पारी खेली, मगर वह भी टीम को बड़े स्कोर तक नहीं पहुंचा सके।
न्यूजीलैंड की खराब बल्लेबाजी का आलम यह था कि कीवी टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं टिक पाई। 49.5 ओवर में उन्होंने 267 के स्कोर पर हथियार डाल दिए।
वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ 4 विकेट के साथ टीम के हाईएस्ट विकेट टेकर रहे, वहीं इस मैच में डेब्यू कर रहे विटेल लॉज को 3 सफलताएं मिली।
वेस्टइंडीज ने नहीं छोड़ी लगाम
268 रनों के टारगेट का पीछा करने उतीर वेस्टइंडीज की टीम को पहला झटका भले ही 28 के स्कोर पर जल्दी लग गया हो, मगर इसके बाद एकीम ऑगस्टे (38) और कीसी कार्टी ने पारी को संभाला और शानदार साझेदारी की। कीसी एक छोर से लगे हुए थे, उन्होंने तीसरे विकेट के लिए कप्तान शे होप के साथ शतकीय साझेदारी कर टीम की जीत लगभग पक्की कर दी। कार्टी अपने शतक से 5 रन से चूक गए, उन्हें माइकल ब्रेसवेल ने आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। नंबर-5 पर उतरे शेरफेन रदरफोर्ड ने 16 गेंदों पर 22 रन बनाकर मैच खत्म किया। होप 92 गेंदों पर 4 चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से 87 रन बनाकर नाबाद रहे। कार्टी ने अपनी पारी में 10 चौके और 2 छक्के लगाए, उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।
वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे इसी मैदान पर 13 जुलाई को खेला जाएगा।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


