जोश हेजलवुड ने सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट की लिस्ट में ब्रेट ली को पछाड़ा, अब निशाने पर जहीर खान और ईशांत शर्मा
जोश हेजलवुड ने साउथ अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया पहले टेस्ट में शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में जहीर खान और ईशांत शर्मा की बराबरी कर ली है।

ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के खिला तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। ऑस्ट्रेलिया ने डरबन के मैदान पर खेले गए पहले टेस्ट में साउथ अफ्रीका को 214 रनों से रौंदा। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने कमाल किया। उन्होंने साउथ अफ्रीका की दूसरी पारी में 49 रन देकर छह विकेट झटके, जो उनके टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। हेजलवुड ने मंगलवार को पांचवें दिन मेजबान टीम के बचे हुए छह विकेटों में से चार झटके। उन्होंने 15वीं बार पांच विकेट हॉल लेने का कारनामा अंजाम दिया। 35 वर्षीय हेजलवुड ने डरबन टेस्ट में कुल 8 विकेट चटकाए। उन्होंने पहली पारी में दो शिकार किए। यह सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 का हिस्सा है।
ब्रेट ली के बाद निशाने पर जहीर और ईशांत
हेजलवुड 79 टेस्ट मैचों में अब तक 311 शिकार कर चुके हैं। उन्होंने दिसंबर 2014 में टेस्ट डेब्यू किया था। हेजलवुड टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में संयुक्त रूप से 35वें पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने जहीर खान और ईशांत शर्मा की बराबरी कर ली है। भारत के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर ने 92 टेस्ट में 311 चटकाए। पेसर ईशांत ने 105 टेस्ट में 311 विकेट हासिल किए। हेजलवुड एक विकेट लेते ही जहीर और ईशांत से आगे निकल जाएंगे। उन्होंने लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व धाकड़ पेसर ब्रेट ली को पछाड़ा है। ब्रेट ली ने 76 टेस्ट मुकाबलों में 310 शिकार किए। टेस्ट इतिहास में सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड मुथैया मुरलीधरन के नाम दर्ज है। श्रीलंका के महान स्पिनर मुरलीधरन ने 133 टेस्ट में 800 विकेट झटके। ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वॉर्न ने 145 टेस्ट में 708 शिकार किए।
WTC में सबसे ज्यादा बार फाइफर लेने वाले तेज गेंदबाज
13 - जसप्रीत बुमराह (भारत)
10 - पैट कमिंस (ऑस्ट्रेलिया)
9 - जोश हेजलवुड (ऑस्ट्रेलिया)
8 - कगिसो रबाडा (साउथ अफ्रीका)
8 - मिचेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया)
6 - मैट हेनरी (न्यूजीलैंड)
6 - काइल जैमीसन (न्यूजीलैंड)
6 - टिम साउदी (न्यूजीलैंड)
ऑस्ट्रेलिया ने डबरन में दिया इतना टारगेट
ऑस्ट्रेलियाई टीम ने डबरन टेस्ट में साउथ अफ्रीका को 421 रनों का टारगेट दिया था। लक्ष्य का पीछा करते हुए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन साउथ अफ्रीकी टीम लंच के एक घंटे से भी कम समय बाद 86.5 ओवर में 206 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया के दूसरी नई गेंद लेने के पांच ओवर के भीतर ही मेजबान टीम आउट हो गई। साउथ अफ्रीका की ओर से सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम ने चौथी पारी में लगभग छह घंटे तक संघर्ष किया। उन्होंने 237 गेंद पर 75 रन बनाए और आउट होने वाले नौवें बल्लेबाज रहे। ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज मैट रेनशॉ प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की 390 रन की पहली पारी में 190 रन का योगदान दिया जबकि दूसरी पारी में भी 82 रन बनाए। रेनशॉ ने दो विकेट भी लिए।


