
जोस बटलर T20 वर्ल्ड कप में बने तीन नंबरी, विराट कोहली और रोहित शर्मा से कितने रन दूर?
जोस बटलर टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। बटलर से आगे दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली हैं।
इंग्लैंड ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने पहले मैच में नेपाल के खिलाफ 4 रनों से करीबी जीत दर्ज की। ग्रुप सी का हिस्सा इंग्लैंड ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 184/7 का स्कोर खड़ा करने के बाद नेपाल को 180/6 पर रोका। इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक (53) और जैकब बेथेल (55) ने फिफ्टी ठोकी जबकि जोस बटलर ने 17 गेंदों में पांच चौकों के जरिए 26 रन बनाए। अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज बटलर ने भले ही छोटी पारी खेली मगर महेला जयवर्धने का रिकॉर्ड तोड़ने में कामयाब रहे। वह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
बटलर ने अब तक सबसे छोटे फॉर्मेट के वर्ल्ड कप में 35 पारियों में 1039 रन बनाए हैं, जिसमें 41.56 का औसत है। उन्होंने इस दौरान एक शतक और पांच अर्धशतक जमाए। श्रीलंका के पूर्व कप्तान जयवर्धने ने 31 पारियों में 1016 रन बटोरे। उनका औसत 39.07 का रहा। टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के नाम दर्ज है। उन्होंने 33 पारियों में 58.72 के औसत से 1292 रन जुटाए। विराट के बल्ले से 15 अर्धशतकीय पारियां निकलीं। 'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित शर्मा ने 44 पारियों में 1220 रन जुटाए, जिसमें 34.85 का औसत रहा।
विराट और रोहित टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं। दोनों ने 2024 में भारत द्वारा सबसे छोटे फॉर्मेट का वर्ल्ड कप जीतने के बाद T20I को अलविदा कहा। 35 वर्षीय बटलर को टी20 वर्ल्ड कप में रोहित को पछाड़ने के लिए 182 रनों की जरूरत है। वहीं, इंग्लैंड के विकेटकीपर को विराट से आगे निकलने के लिए 254 रनों की दरकार है। नेपाल के हाथों उलटफेर से बाल बाल बचने के बाद इंग्लैंड टीम को अपने अगले ग्रुप मैच में वेस्टइंडीज से भिड़ना है। इंग्लैंड और दो बार की टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन वेस्टइंडीज के बीच 11 फरवरी को मुंबई में मैच आयोजित होगा।
T20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन (पारी)
1292 - विराट कोहली (33) भारत
1220 - रोहित शर्मा (44) भारत
1039 - जोस बटलर (35) इंग्लैंड
1016 - महेला जयवर्धने (31) श्रीलंका
984 - डेविड वॉर्नर (41) ऑस्ट्रेलिया

लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय





