मिसाइल हमलों के बीच दुबई में परिवार संग फंसे जॉनी बेयरेस्टो, सता रहा सुरक्षा का डर
खाड़ी में लगातार बढ़ते सैन्य तनाव, मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच इंग्लैंड के विकेट कीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरेस्टो दुबई में फंसे हुए हैं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करके बताया है कि वह वह अपने परिवार को सुरक्षित रखने और वहां से बाहर निकलने की कोशिश में हैं।

खाड़ी में लगातार बढ़ते सैन्य तनाव, मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच इंग्लैंड के विकेट कीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरेस्टो दुबई में फंसे हुए हैं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करके बताया है कि वह वह अपने परिवार को सुरक्षित रखने और वहां से बाहर निकलने की कोशिश में हैं। ईरान की तरफ से मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद यूएई ने हर तरह की कॉमर्शियल फ्लाइट्स रोक दी है, जिसकी वजह से हजारों लोग वहां फंसे हुए हैं और चाहकर भी यात्रा नहीं कर पा रहे हैं।
पश्चिम एशिया में अभी हालात बहुत ही तनावपूर्ण हैं। हालात तब बिगड़े जब इजरायल और अमेरिका ने शनिवार को ईरान को मिसाइल हमलों से दहला दिया। हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामनेई समेत कई बड़े अफसर मारे गए। उसके बाद ईरान ने खाड़ी के उन तमाम देशों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले शुरू कर दिए हैं, जहां अमेरिकी सेना के बेस हैं या उनके एसेट्स हैं। इजरायल पर मिसाइलों से हमले के अलावा ईरान अपने पड़ोसी इराक के साथ-साथ सऊदी अरब, यूएई, कुवैत, बहरीन, कतर में अमेरिकी ठिकानों के साथ-साथ व्यावसायिक और नागरिक ठिकानों पर भी मिसाइल और ड्रोन से हमले कर रहा है।
जॉनी बेयरेस्टो की बात करें तो उनके बारे में कहा जा रहा था कि वह यूएई में इंग्लैंड लॉयंस टीम के साथ है। अब उन्होंने साफ किया है कि वह टीम के साथ नहीं हैं, बल्कि अपने परिवार के साथ दुबई में हैं।
बेयरेस्टो ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘वे लोग जो लिख रहे हैं कि मैं इंग्लैंड लॉयंस टीम के साथ हूं तो मैं उनके साथ नहीं हूं। मैं दुबई में अपने परिवार के साथ हूं...निश्चित तौर पर इंग्लैंड लॉयंस के सिक्यॉरिटी स्टाफ अबु धाबी से जो कुछ कर सकते होंगे, वे कर रहे होंगे लेकिन मैं अपनी अपने परिवार को सुरक्षित रखने और यहां से निकलने की कोशिश कर रहा हूं।’
रविवार को बेयरेस्टो की एमिरेट्स एयलाइन की फ्लाइट कैंसल हो गई थी। उसके बाद उन्होंने एयरलाइंस से मदद की गुहार लगाई थी। उन्होंने एक्स पर लिखा था, ‘फ्लाइट कैंसल होने के बाद हमसे किसी ने कोई संपर्क नहीं किया है। हमने संपर्क करने की कोशिश की लेकिन नहीं हो पाया। क्या कोई हमसे संपर्क कर सकता है?’
जॉनी बेयरेस्टो अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर बहुत ही चिंतित और बेचैन हैं। उन्होंने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के एक एक्स पोस्ट पर जवाब देते हुए उनसे पूछा था कि क्या आप हमें घर पहुंचा सकते हैं। स्टार्मर ने ईरान को लेकर अपने एक बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था और इंग्लैंड के क्रिकेटर ने उसी पर मदद की गुहार लगाई थी।
शनिवार को ईरान पर इजरायली और अमेरिकी हमले वाले दिन ही ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय ने यूएई के लिए अपनी ट्रैवल एडवाइजरी को अपडेट किया था। उसने यूएई में रह रहे सभी ब्रिटिश नागरिकों से तत्काल सुरक्षित जगहों पर जाने, हर तरह की यात्रा से बचने और बाहर न निकलने की अपील की थी।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें



