
जो रूट ने किस देश में ठोकी हैं कितनी टेस्ट सेंचुरी? देखिए 41 शतकों का पूरा लेखा-जोखा
इंग्लैंड के दमदार बल्लेबाज जो रूट ने अब तक 8 देशों में टेस्ट सेंचुरी जड़ी है। अपने देश में उन्होंने सबसे ज्यादा टेस्ट शतक ठोके हैं। इसके अलावा किस-किस देश में कितने टेस्ट शतक उनके बल्ले से आए हैं, ये जान लीजिए।
इंग्लैंड की टीम के सबसे अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने टेस्ट क्रिकेट में सोमवार 5 जनवरी 2026 को 41वां टेस्ट शतक जड़ा। ऑस्ट्रेलिया की धरती पर ये उनका दूसरा टेस्ट शतक है। इस सीरीज से पहले एक भी शतक उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में नहीं जड़ा था, लेकिन अब एक ही सीरीज में दो बार वे शतकीय पारी खेल चुके हैं। सिडनी में जारी पांचवें एशेज टेस्ट मैच में उनके बल्ले से शतक आया। अब आप जान लीजिए कि जो रूट ने अब तक लगाए 41 शतकों में से किस देश में कितने शतक जड़े हैं।
जो रूट ने अब तक जड़े 41 टेस्ट शतकों में से 24 शतक अकेले इंग्लैंड की धरती पर जड़े हैं, जो कि आधे से ज्यादा शतक हैं। वेस्टइंडीज में वे 4 बार शतकीय पारी टेस्ट क्रिकेट में खेलने में सफल हुई हैं, जबकि 3 बार वे भारत में टेस्ट सेंचुरी पूरी करने में सफल रहे हैं। न्यूजीलैंड और श्रीलंका में भी 3-3 टेस्ट शतक जो रूट ने जड़े हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया में उनका ये दूसरा शतक है। इसके अलावा एक-एक शतक जो रूट ने टेस्ट क्रिकेट में साउथ अफ्रीका और पाकिस्तान की सरजमीं पर जड़ा है। इस तरह 8 देशों में वे अब तक टेस्ट सेंचुरी जड़ चुके हैं।
जो रूट के 41 टेस्ट शतक
1. इंग्लैंड में 24 शतक
2. वेस्ट इंडीज में 4 शतक
3. भारत में 3 शतक
4. न्यूजीलैंड में 3 शतक
5. श्रीलंका में 3 शतक
6. ऑस्ट्रेलिया में 2 शतक*
7. दक्षिण अफ्रीका में 1 शतक
8. पाकिस्तान में 1 शतक
दाएं हाथ के बल्लेबाज जो रूट टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं, जहां उनसे आगे सचिन तेंदुलकर (51) और जैक कैलिस (45) हैं, जबकि तीसरे नंबर पर उनके साथ रिकी पोंटिंग (41) हैं। जो रूट के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा इस एशेज सीरीज से पहले काल बना हुआ था, क्योंकि वे वहां इतने सफल नहीं रहे थे। हालांकि, इस बार उन्होंने पिंक बॉल टेस्ट के बाद अब सिडनी में भी शतक जड़ा है। जो रूट 150 से ज्यादा रन सिडनी में बना चुके हैं और दोहरा शतक भी ऑस्ट्रेलिया में पूरा कर सकते हैं।






