जो रूट ने ऐतिहासिक 'छक्का' लगाकर बनाया नया रिकॉर्ड, लॉर्ड्स में भी भारत की नाक में किया दम
Joe Root Lord's ODI: जो रूट ने भारत बनाम इंग्लैंड तीसरे वनडे मैच में बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली। वह एक बार फिर नाबाद लौटे। दिग्गज बल्लेबाज रूट ने नया रिकॉर्ड बनाया है।

इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट की शानदार फॉर्म जारी है। उनका रविवार को लॉर्ड्स में भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में भी बल्ला चला। उन्होंने 48 गेंदों में नाबाद 74 रन जोड़े, जिसमें 9 चौके शामिल हैं। रूट ने गुरनूर बराड़ द्वारा डाले गए 46वें ओवर में सिंगल लेकर पचासा पूरा किया। यह उनके वनडे करियर का 48वां वनडे अर्धशतक है। वह भारत बनाम इंग्लैंड तीन मैचों की वनडे सीरीज में एक बार भी आउट नहीं हुए। 35 वर्षीय रूट ने नया इतिहास रच दिया है। वह वनडे क्रिकेट में इंग्लैंड के लिए लगातार सबसे ज्यादा 50 प्लस पारियां खेलने वाले प्लेयर बन गए हैं। यह रूट का लगातार छठा पचास प्लस स्कोर है। उन्होंने लॉर्ड्स वनडे से पहले इस फॉर्मेट में नाबाद 99, नाबाद 76, नाबाद 111 के अलावा 75 और 61 का स्कोर बनाया। वहीं, वनडे में ओवरऑललगातार सबसे ज्यादा पचास प्लस का रिकॉर्ड जावेद मियांदाद के नाम दर्ज है। पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज ने 9 मर्तबा यह कारनामा किया।
जो रूट ने की शतकीय साझेदारी
इंग्लैंड ने लॉर्ड्स वनडे में टॉस जीतकर बैटिंग चुनी। जैकब बेथेल और बेन डकेट ने इंग्लैंड को दमदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 192 रनों की ऐतिहासिक पार्टनरशिप की। बेथेल ने 93 गेंदों में 11 चौकों और दो छक्कों की मदद से 91 रन बनाए। डकेट ने 135 गेंदों में 141 रनों की रिकॉर्ड पारी खेली। उन्होंने 18 चौके ठोके और एक सिक्स लगाया। बेथेल 31वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा का शिकार बने, जिसके बाद रूट बैटिंग करने उतरे। उन्होंने डकेट के साथ दूसरे विकेट के लिए 101 रनों की साझेदारी की। डकेट को 44वें ओवर में प्रिंस यादव ने कॉट एंड बोल्ड किया। रूट ने कप्तान हैरी ब्रूक (12 गेंदों में 14) के संग तीसरे विकेट के लिए 31 रन जोड़े। ब्रूक को 47वें ओवर में प्रसिद्ध ने अपने जाल में फंसाया। रूट और जोस बटलर ने चौथे विकेट के लिए 63 रनों की अटूट साझेदारी की। विकेटकीपर बटलर ने 13 गेंदों में नाबाद 41 रन जुटाए। उनके बल्ले से चार चौके और तीन छक्के निकले। इंग्लैंड ने 387/3 का विशाल स्कोर बनाया।
ODI में इंग्लैंड के लिए लगातार सबसे ज्यादा 50+ स्कोर
6 - जो रूट (2026)
5 - जो रूट (2016)
5 - एलेक्स हेल्स (2016)
5 - एलेक स्टीवर्ट (2000)
5 - जोनाथन ट्रॉट (2009-10)
5 - ग्राहम गूच (1982-85)
वनडे क्रिकेट में लगातार सबसे ज्यादा 50+ स्कोर
9 - जावेद मियांदाद
7 - इमाम उल हक
6 - गॉर्डन ग्रीनिज
6 - एरॉन जोन्स
6 - मार्क वॉ
6 - मोहम्मद यूसुफ
6 - केन विलियमसन
6 - रॉस टेलर
6 - क्रिस गेल
6 - पॉल स्टर्लिंग
6 - शाई होप
6 - बाबर आजम
6 - जो रूट
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



