Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़Joe Root Breaks Creates World Record After Hitting Century against India at Oval Surpasses Kumar Sangakkara In this List
जो रूट ने शतक जड़कर बनाया धांसू वर्ल्ड रिकॉर्ड, इस मामले में बने नंबर-1; ओवल में संगकारा को भी पछाड़ा

जो रूट ने शतक जड़कर बनाया धांसू वर्ल्ड रिकॉर्ड, इस मामले में बने नंबर-1; ओवल में संगकारा को भी पछाड़ा

संक्षेप:

इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने भारतीय टीम के खिलाफ पांचवें टेस्ट मैच में रिकॉर्डतोड़ शतक जड़ा। उन्होंने एक धांसू वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। रूट ने ओवल में कुमार संगकारा को भी पछाड़ दिया।

Sun, 3 Aug 2025 09:51 PMMd.Akram लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने रविवार को भारत के खिलाफ पांचवें टेस्ट की दूसरी पारी में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने लंदन के केनिंग्टन ओवल स्टेडियम में 374 रनों का पीछा करते हुए शतक जड़ा। उन्होंने 152 गेंदों में 12 चौकों की मदद से 105 रन जुटाए। यह रूट के टेस्ट करियर का 39वां शतक है। उन्होंने एक धांसू वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। दरअसल, रूट घरेलू सरजमीं पर सबसे ज्यादा टेस्ट सेंचुरी जड़ने वाले क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने इंग्लैंड में 24वां टेस्ट शतक जमाया और नंबर-1 बन गए। रूट ने श्रीलंका के पूर्व बल्लेबाज महेला जयवर्धने, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग और साउथ अफ्रीका के पूर्व धाकड़ ऑलराउंडर जैक्स कैलिस को पीछे छोड़ा। तीनों ने अपने घर पर टेस्ट क्रिकेट में 23-23 शतक लगाने का कारनामा किया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

वहीं, 34 वर्षीय रूट ने श्रीलंका के पूर्व दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार संगकारा को भी पछाड़ा है। वह अब टेस्ट इतिहास में सबसे ज्यादा सेंचुरी जड़ने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने संगकारा को पांचवें स्थान पर खिसका दिया। संगकारा ने कुल 38 टेस्ट शतक लगाए थे। टेस्ट में सर्वाधिक सेंचुरी का रिकॉर्ड महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर (51) के नाम दर्ज है। उनके बाद कैलिस (45) और पोंटिंग (41) का नंबर है।

ये भी पढ़ें:जो रूट ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, WTC में 6000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने

रूट ने इसके अलावा भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा इंटरनेशनल शतक लगाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ की बराबरी कर ली है। रूट और स्मिथ भारत के सामने 16-16 सेंचुरी जड़ चुके हैं। रूट ने भारत के खिलाफ 13 टेस्ट सेंचुरी जमाई हैं। वह एक टीम के खिलाफ सर्वाधिक टेस्ट शतक जड़ने वाली फेहरिस्त में संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने वेस्टइंडीज के विरुद्ध 13 टेस्ट शतक जड़े थे। ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज डॉन ब्रैडमैन 19 सेंचुरी के साथ टॉप पर हैं।

एक टीम के खिलाफ सर्वाधिक टेस्ट सेंचुरी

19 - डॉन ब्रैडमैन (ऑस्ट्रेलिया) बनाम इंग्लैंड

13 - सुनील गावस्कर (भारत) बनाम वेस्टइंडीज

13 - जो रूट (इंग्लैंड) बनाम भारत

12 - जैक हॉब्स (इंग्लैंड) बनाम ऑस्ट्रेलिया

12 - स्टीवन स्मिथ (ऑस्ट्रेलिया) बनाम इंग्लैंड

ये भी पढ़ें:सचिन का टेस्ट रिकॉर्ड जो रूट तोड़ पाएंगे या या नहीं, खुद दिया जवाब

2012 में भारत के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करने वाले रूट का पिछले कुछ सालों में सबसे लंबे फॉर्मेट में गजब का बल्ला गरजा है। उन्होंने 2012 से लेकर 2020 तक 17 टेस्ट सेंचुरी जड़ी थीं। वहीं, रूट 2021 से लेकर अभी तक 22 शतक लगा चुके हैं। वह टेस्ट में 2021 से सर्वाधिक शतक मारने वाले प्लेयर हैं। उनके बाद सूची में स्टीव स्मिथ, न्यूजीलैंड के केन विलियमसन और इंग्लैंड के हैरी ब्रूक हैं, जिन्होंने 2021 से अब तक 10-10 टेस्ट ठोके हैं।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram
मोहम्मद अकरम, लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। अकरम को पत्रकारिता में 8 साल से ज्यादा का अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं। अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |