IND vs ENG: जो रूट और लियाम डॉसन ने भारत को किया दंग, 20 साल पुराना रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त
Joe Root and Liam Dawson Partnership: जो रूट और लियाम डॉसन ने भारत के खिलाफ पहले वनडे में शानदार बल्लेबाजी की। दोनों ने एक 20 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

इंग्लैंड के जो रूट और लियाम डॉसन ने मंगलवार को भारत को पहले वनडे में दंग कर दिया। दोनों ने बर्मिंघम के मैदान पर उस वक्त मोर्चा संभाला, जब इंग्लैंड टीम 107 रन पर 6 विकेट गंवाकर जूझ रही थी। एक समय तो लगा कि इंग्लैंड 150 का आंकड़ा भी शायद ही छू पाए। हालांकि, दिग्गज बल्लेबाज रूट ने डॉसन के साथ सातवें विकेट के लिए 121 रनों की साझेदारी की और इंग्लैंड को 258 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। रूट ने 76 गेंदों में छह चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 76 रनों की पारी खेली। यह उनके वनडे करियर का 46वां अर्धशतक है। डॉसन ने 83 गेंदों का सामना करने के बाद 68 रन जुटाए। उन्होंने भी छह चौके और एक छक्का जमाया। यह उनका पहला वनडे अर्धशतक है।
20 साल पुराना रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त
रूट और डॉसन ने 134 गेंदों में 121 रन जोड़कर 20 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त किया है। यह इंग्लैंड की ओर से वनडे में भारत के खिलाफ सातवें विकेट या उससे नीचे के लिए सबसे बड़ी पार्टनरशिप है। इससे पहले, पॉल कॉलिंगवुड और गेरेंट जोन्स ने 2006 में भारत के खिलाफ 105 रन की पार्टनरशिप थी। यह मैच मडगांव में आयोजित हुआ था। रूट और डॉसन की साझेदारी 44वें ओवर में अक्षर पटेल ने तोड़ी। उन्होंने डॉसन को रोहित शर्मा के हाथों लपकवाया। बता दें कि डॉसन इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा उम्र में पहली वनडे फिफ्टी जड़ने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने 36 साल और 135 दिन की उम्र में ऐसा किया। डॉसन से आगे जेफ्री बॉयकॉट (38 साल और 245 दिन) हैं।
अक्षर पटेल ने 280 तक जाने से रोका
बर्मिंघम वनडे की बात करें तो इंग्लैंड ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी। नई गेंद के खिलाफ ओपनर्स के लिए शुरुआत मुश्किल रही। हालांकि, ओपनर्स पावरप्ले में बिना आउट हुए 51 रन जोड़ने में कामयाब रहे। गुरनूर बराड़ नेअपने पहले शुरुआती ओवरों में 26 रन दिए थे लेकिन फिर अच्छी वापसी की। उन्होंने एक ही ओवर में इंग्लैंड के ओपनर बेन डकेट (43) और जैकब बेथेल (14) को आउट कर दिया। हैरी ब्रूक (1) के क्रीज पर आने के बाद शुभमन गिल ने जसप्रीत बुमराह को गेंद सौंपी और उन्होंने इंग्लिश कप्तान को स्लिप में कैच करवाया। प्रसिद्ध कृष्णा ने भी एक ओवर में जोस बटलर और सैम करन को आउट किया। इंग्लैंड की आधी टीम महज 80 रन ढेर हो गई थी। इसके बाद रूट और डॉसन ने दमदार साझेदारी की। अक्षर पटेल ने अंत में चार विकेट निकालकर इंग्लैंड को 280 तक पहुंचने से रोका।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



