IPL में सबसे लंबा SIX जड़ने वाले प्लेयर को CSK की फ्रेंचाइजी ने बनाया हेड कोच, हो गया ऐलान
IPL के इतिहास का सबसे लंबा SIX जड़ने वाले प्लेयर को CSK की फ्रेंचाइजी ने SA20 लीग में अपनी टीम का हेड कोच बनाया है। इस बात का आधिकारिक ऐलान भी हो गया है। स्टीफन फ्लेमिंग टीम का साथ छोड़ चुके हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच पद से स्टीफन फ्लेमिंग इस्तीफा दे चुके हैं। वे सीएसके की सिस्टर फ्रेंचाइजियों में भी हेड कोच के पद पर तैनात थे। इनमें साउथ अफ्रीका की टी20 लीग एसए20 में जोबर्ग सुपर किंग्स और मेजर लीग क्रिकेट यानी एमएलसी में टेक्सास सुपर किंग्स शामिल है। इन दोनों टीमों का साथ भी उन्होंने छोड़ दिया है। इस बीच चेन्नई सुपर किंग्स की एसए20 वाली फ्रेंचाइजी जोबर्ग सुपर किंग्स ने नए हेड कोच का ऐलान कर दिया है। ऐसे खिलाड़ी को हेड कोच नियुक्त किया गया है, जिसने आईपीएल में सबसे लंबा छक्का मारा है।
आईपीएल के इतिहास में सबसे लंबा छक्का जड़ने वाले साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर एल्बी मोर्केल को जोबर्ग सुपर किंग्स का हेड कोच बनाया गया है। साउथ अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर और सुपर किंग्स सेटअप में एक जाना-पहचाना चेहरा, मोर्कल इस रोल में फ्रेंचाइजी को उसके पहले SA20 टाइटल की ओर ले जाने के लिए आए हैं। इससे पहले स्टीफन फ्लेमिंग टीम से बाहर हो गए थे, जो पहले चार सीजन तक टीम के हेड कोच थे। आईपीएल में टीम जरूर उनकी कोचिंग में सफल हुई, लेकिन एसए20 में टीम ज्यादा सफल नहीं हो पाई।
मोर्केल ने जड़ा था 125 मीटर का छक्का
एल्बी मोर्केल ने 2008 के सीजन में चेन्नई के लिए ही खेलते हुए 125 मीटर का छक्का जड़ा था। एल्बी मोर्केल काफी समय पहले क्रिकेट की दुनिया का अलविदा कह चुके हैं। क्रिकेट छोड़ने के बाद से ही वे कोचिंग की दुनिया में पैर जमा रहे हैं। वे चेन्नई सुपर किंग्स की अलग-अलग फ्रेंचाइजियों में अलग-अलग जिम्मेदारी निभा चुके हैं। हालांकि, पहली बार उन्हें किसी टीम का हेड कोच बनाया गया है। एल्बी मोर्केल को साउथ अफ्रीका की टीम में भी कोचिंग स्टाफ में जगह मिली थी, जब टीम टी20 विश्व कप 2026 भारत में खेली थी।
हमारे टीम कल्चर को समझते हैं मोर्केल - विश्वनाथन
100 से ज्यादा इंटरनेशनल मैचों का अनुभव रखने वाले एल्बी मोर्केल को लेकर JSK के डायरेक्टर कासी विश्वनाथन ने कहा, "एल्बी मोर्कल हमारे कल्चर को अच्छी तरह समझते हैं, उन्होंने इसे एक खिलाड़ी और कोच दोनों के तौर पर अनुभव किया है। उनकी लीडरशिप और साउथ अफ़्रीकी क्रिकेट के माहौल की समझ हमें आगे बढ़ने में बहुत कॉन्फिडेंस देती है।" आपको बता दें, SA20 का पांचवां एडिशन 17 जनवरी, 2027 को शुरू होगा, जिसमें JSK अगले दिन पार्ल रॉयल्स के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी। दो महीने बाद फिर आईपीएल शुरू होगा। इससे पहले उन्हें अपनी योग्यता साबित करनी होगी।



