
दिल्ली कैपिटल्स को मिलेगा नया कप्तान, जेमिमा रोड्रिग्स को मिल सकती है टीम की कमान
महिला प्रीमियर लीग के आगामी सीजन में दिल्ली कैपिटल्स को नया कप्तान मिल सकता है। दिल्ली कैपिटल्स की टीम स्टार बल्लेबाज और मौजूदा उप-कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स को टीम का नया कप्तान नियुक्त कर सकती है।
महिला प्रीमियर लीग का अगला सीजन जनवरी से शुरू होने वाला है। इस बार डब्ल्यूपीएल 28 दिन तक चलेगा और इसमें 22 मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का आयोजन दो स्थानों पर किया जाएगा। सीजन के शुरू होने से पहले दिल्ली कैपिटल्स के खेमे से बड़ी खबर सामने आ रही है। फ्रेंचाइजी नए कप्तान की घोषणा कर सकती है। भारतीय स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स को दिल्ली कैपिटल्स का नया कप्तान नियुक्त किया जा सकता है। वह ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज कप्तान मेग लैनिंग की जगह लेंगी, जिन्होंने पिछले तीन सीजन में टीम का नेतृत्व किया था।
महिला प्रीमियर लीग के चौथे सीजन में पहला मैच मुंबई इंडियंस और 2024 की विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच नौ जनवरी को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा। जेमिमा पिछले तीन सीजन से दिल्ली कैपिटल्स की उप-कप्तान रही हैं और टीम को अच्छे से समझती हैं। हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मैच में उन्होंने नाबाद 69 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
मेगल लैनिंग की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स की टीम तीन बार फाइनल में पहुंची थी। हालांकि वह अब इस टीम का हिस्सा नहीं हैं। वह यूपी वॉरियर्स में शामिल हो गईं हैं। हालांकि दक्षिण अफ्रीकी कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट भी टीम का हिस्सा हैं, लेकिन फ्रेंचाइजी ने घरेलू प्रतिभा को प्राथमिकता दी है।
इस महीने की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका पर भारत की महिला आईसीसी विश्व कप जीत का गवाह बना डीवाई पाटिल स्टेडियम शनिवार को घोषित कार्यक्रम के अनुसार पहले 11 मैचों की मेजबानी करेगा, जिसमें 10 और 17 जनवरी को होने वाले दो-दो मैच भी शामिल हैं। यहां बाकी सभी मैच शाम के सत्र में खेले जाएंगे। इसके बाद लीग वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में आयोजित की जाएगी, जहां शेष 11 मैच खेले जाएंगे। इसमें दो फरवरी को एलिमिनेटर और पांच फरवरी को होने वाला फाइनल शामिल है। यह पहली बार है जब डब्ल्यूपीएल जनवरी-फरवरी में खेला जाएगा, क्योंकि पिछले तीन टूर्नामेंट आईपीएल से ठीक पहले फरवरी-मार्च में आयोजित किए गए थे।






