
जेमिमा रोड्रिग्स ने कबूल कर ली सुनील गावस्कर की ये फरमाइश, बोलीं- मैंने आपका मैसेज देखा और...
जेमिमा रोड्रिग्स ने वर्ल्ड कप जीतने के बाद महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर की फरफाइश पर प्रतिक्रिया दी है। जेमिमा ने एक वीडियो शेयर किया। भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर आईसीसी महिला वर्ल्ड कप अपने नाम किया।
जेमिमा रोड्रिग्स ने पूर्व भारतीय कप्तान और महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर की फरमाइश कबूल कर ली है। गावस्कर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल के बाद कहा था कि अगर भारत महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 जीत गया तो वह जेमिमा के साथ एक सॉन्ग गाएंगे। जेमिमा को गिटार बजाना काफी पसंद है। वह खिलाड़ियों के साथ भी अक्स गिटार बजाते दिखती हैं। 25 वर्षीय जेमिमा ने सेमीफाइनल में नाबाद 127 रनों की पारी खेलकर भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी। इसके बाद, भारतीय महिला टीम ने खिताबी मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को हराकर पहली आईसीसी ट्रॉफी जीती। जेमिमा ने फाइनल में 24 रन बनाए।

गावस्कर ने इंडिया टुडे पर चर्चा के दौरान कहा था, "मैं बस इतना कह सकता हूं कि अगर भारत वर्ल्ड कप जीतता है। जेमिमा और मैं अगर उन्हें कोई दिक्कत न हो तो हम साथ मिलकर एक गाना गाएंगे। वह अपने गिटार के साथ होंगी और मैं गाना गाऊंगा।" वहीं, जेमिमा ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए गए वीडियो के कैप्शन में लिखा, ‘’सर, उम्मीद है कि आपको अपना वादा याद होगा? मैं तैयार हूं। आपके साथ गाने का बेसब्री से इंतजार है सर।'' उन्होंने वीडियो में कहा, “हाय, सुनील गावस्कर सर। मैंने आपका मैसेज देखा। आपने कहा था कि अगर भारत वर्ल्ड कप जीतेगा तो हम दोनों साथ मिलकर एक गाना गाएंगे। तो मैं अपना गिटार लेकर तैयार हूं। उम्मीद है आप भी अपना माइक लेकर तैयार होंगे। ढेर सारा प्यार सर। शुक्रिया।”
जेमिमा की वीडियो पर फैंस के जमकर रिएक्शन आर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ''हम सभी एंजॉय करने के लिए रेडी हैं।'' दूसरे ने कमेंट किया, ''हमें जेमिमा के गिटार और गावस्कर के गाने का बेसब्री से इंतजार है।'' तीसरे ने कहा, ''आप हर फील्ड में अद्भुत हैं। बधाई हो चैंपियन।'' चौथे ने कमेंट किया, ''गिटार बजाना कोई आसान काम या शौक नहीं है। वह लाजवाब क्रिकेटर हैं। वह गिटार बहुत अच्छे से बजाना जानती हैं। वह बहुत ही प्रतिभाशाली हैं।'' अन्य ने लिखा, ''वादा पूरा हुआ।''
जेमिमा ने वर्ल्ड कप में 8 मैचों की सात पारियों में 292 रन बनाए। उनका औसत 58.40 का रहा। उन्होंने एक शतक के अलावा एक अर्धशतक ठोका। जेमिमा टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में तीसरे पायदान पर रहीं। उनसे आगे प्रतिका रावल (308) और स्मृति मंधाना (434) हैं। जेमिमा ओवरऑल लिस्ट में सातवें नंबर पर हैं।






