बुमराह का वर्कलोड मैनेजमेंट, रोहित शर्मा और पांड्या की फिटनेस...वे अहम सवाल जिनके टीम चयन में मिलने हैं जवाब
आईपीएल खत्म होने के एक हफ्ते के भीतर भारत को अफगानिस्तान के साथ एक टेस्ट मैच और 3 वनडे की सीरीज खेलनी है। क्या जसप्रीत बुमराह दोनों फॉर्मेट में खेलेंगे? क्या इंजरी से जूझ रहे रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध होंगे? मंगलवार को टीम चयन के बाद ऐसे तमाम सवालों के जवाब मिल जाएंगे।

अफगानिस्तान के खिलाफ अगले महीने होने वाले एकमात्र टेस्ट और तीन वनडे मैचों की श्रृंखला के लिए मंगलवार को जब राष्ट्रीय चयनकर्ता भारतीय टीम का चयन करेंगे, तब कई अहम सवालों के जवाब मिलेंगे। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के कार्यभार प्रबंधन यानी वर्कलोड मैनेजमेंट (खिलाड़ियों को चोट से बचाने के लिए शारीरिक और मानसिक दबाव को नियंत्रित करने की प्रक्रिया) और रोहित शर्मा के साथ-साथ हार्दिक पांड्या की मैच फिटनेस पर विशेष चर्चा होगी।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का फाइनल 31 मई को अहमदाबाद में खेला जाना है, जबकि एक सप्ताह से भी कम समय के अंतराल पर 6 जून से मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़) में अफगानिस्तान दौरे का एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा।
IPL बाद अफगानिस्तान के खिलाफ 1 टेस्ट, 3 वनडे की सीरीज
वनडे मैच धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में क्रमशः 14, 17 और 20 जून को खेले जाएंगे।
इस बात की संभावना कम है कि बुमराह को दोनों प्रारूपों के लिए चुना जाएगा, क्योंकि वनडे में उन्हें तुरंत खिलाने की कोई जल्दबाजी नहीं है। 50 ओवर का विश्व कप अभी काफी दूर है (अक्टूबर-नवंबर 2027)।
रोहित शर्मा की हैमस्ट्रिंग इंजरी कितनी चिंता की बात?
वहीं, रोहित शर्मा की फिटनेस भी चिंता का विषय बनी हुई है। आईपीएल के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट के कारण वह मुंबई इंडियंस के कई मुकाबलों से बाहर रहे थे। पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में भी उन्होंने केवल 'इम्पैक्ट प्लेयर' के रूप में बल्लेबाजी की थी। ऐसे में चयनकर्ता उन्हें तभी टीम में शामिल करेंगे, जब वह पूरी तरह फिट होंगे।
दूसरी ओर, विराट कोहली ने आईपीएल में शानदार फॉर्म दिखाकर अपनी उपयोगिता फिर साबित की है। रोहित की तरह अब केवल एक प्रारूप खेलने वाले कोहली के अफगानिस्तान के खिलाफ तीनों वनडे मैचों में खेलने की पूरी संभावना है।
सबसे अधिक महत्व एकमात्र टेस्ट मुकाबले को दिया जा रहा है, क्योंकि हाल के समय में भारतीय टीम पारंपरिक प्रारूप में, खासकर घरेलू परिस्थितियों में संघर्ष करती नजर आई है। बल्लेबाजों की स्पिन-अनुकूल पिचों पर कमजोरियां लगातार सामने आई हैं।
पिछले वर्ष नवंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में यह समस्या खुलकर उजागर हुई थी।
पड्डीकल को मिल सकता है मौका
चेतेश्वर पुजारा के बाद टेस्ट टीम में नंबर तीन बल्लेबाजी क्रम अब तक स्थिर नहीं हो पाया है। साई सुदर्शन को अवसर मिले, लेकिन वह अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके। अब उम्मीद जताई जा रही है कि देवदत्त पडिक्कल को घरेलू सत्र की शुरुआत से लगातार मौके दिए जाएंगे।
आकिब नबी और प्रिंस यादव की भी चर्चा
जम्मू-कश्मीर को ऐतिहासिक रणजी ट्रॉफी खिताब दिलाने वाले आकिब नबी भी चयनकर्ताओं की चर्चा का हिस्सा बन सकते हैं। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे सत्र में 60 विकेट हासिल किए थे।
आईपीएल में अपनी तेज रफ्तार और सटीक गेंदबाजी से प्रभावित करने वाले प्रिंस यादव को वनडे श्रृंखला में आजमाया जा सकता है। बुमराह अगर टीम का हिस्सा नहीं होते हैं, तो मोहम्मद सिराज आक्रमण की अगुवाई करते नजर आ सकते हैं। प्रसिद्ध कृष्णा के भी टीम में शामिल होने की संभावना है।
हार्दिक पांड्या पीठ में ऐंठन से जूझ रहे
हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या भी पीठ में ऐंठन की समस्या से जूझ रहे हैं। आईपीएल के दौरान उनकी फिटनेस लगातार चिंता का कारण बनी रही है। ऐसे में वनडे श्रृंखला के लिए उनकी उपलब्धता पर अभी संशय बना हुआ है।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें


