
बुमराह 'थ्री ओवर फॉर्मूला' पर टिकेंगे या नहीं, पूर्व क्रिकेटर ने कहा- भारत सावधानी से करे इस्तेमाल
इंडिया वर्सेस साउथ अफ्रीका टी20 सीरीज मंगलवार से शुरू हो रही है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर पार्थिव पटेल ने स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर अहम बात कही है।
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच मंगलवार से कटक में पांच मैचों की टी20 सीरीज का आगाज होने जा रहा है। भारत इस मैच के साथ अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी तैयारियों की शुरुआत करेगा। भारतीय टीम पिछले कुछ समय से टी20 क्रिकेट में जसप्रीत बुमराह को लेकर 'थ्री ओवर फॉर्मूला' आजमा रही है। भारत के धाकड़ तेज गेंदबाज बुमराह पावरप्ले में ही अपने स्पेल के तीन ओवर डाल देते हैं। हालांकि, पूर्व क्रिकेटर पार्थिव पटेल ने भारत को बुमराह का सावधानी से करने की सलाह दी है।
जियोस्टार एक्सपर्ट पार्थिव ने 'फॉलो द ब्लूज' शो में कहा, ''यह भारत के लिए वर्ल्ड कप उपविजेता साउथ अफ्रीका के खिलाफ जरूरी सीरीज। यह अच्छी तैयारी होगी। कुछ चीजें हैं जिनका मैं इंतज़ार कर रहा हूं। नंबर एक यह है कि भारतीय टीम जसप्रीत बुमराह का इस्तेमाल कैसे करेगी। भारत ने एशिया कप से पावरप्ले में उनसे तीन ओवर डलवाए हैं और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी यही रणनीति थी। अगर बुमराह से पावरप्ले में तीन ओवर करवाए जााएंगे तो उनके पास डेथ ओवर के लिए सिर्फ एक ओवर बचेगा, जो कि 19वां ओवर है। ऐसे में भारत को उनका इस्तेमाल सावधानी से करना होगा। अगर टीम तीन ओवर जल्दी करवाने चाहती है तो अर्शदीप सिंह को डेथ ओवर में बुमराह के साथ पार्टनर बनना होगा।”
पार्थिव ने ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की वापसी पर कहा, ''उनकी वापसी अहम है। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अच्छा किया। वह फॉर्म में वापस आ रहे हैं और महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। वह बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देते हैं। लाइनअप में उनकी मौजूदगी जरूरी है क्योंकि वह अनुभव लाते हैं और युवाओं को गाइड भी करते हैं। मैं उनकी वापसी का इंतजार कर रहा हूं।'' बता दें कि हार्दिक को एशिया कप 2025 के दौरान क्वाड्रिसेप्स की चोट से जूझना पड़ा था। वह दो महीने से अधिक समय बाद भारतीय टीम में कमबैक करेंगे।
वहीं, पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने भारत के बॉलिंग ऑप्शन पर कहा, ''मैं देखना चाहता हूं कि बुमराह के साथ दूसरे तेज गेंदबाज कैसा परफॉर्म करते हैं। बुमराह मुख्य गेंदबाज हैं लेकिन हमारे पास हार्दिक पांड्या भी हैं, शिवम दुबे थोड़ी बॉलिंग कर सकते हैं और अर्शदीप सिंह भी हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस सीरीज में वे कैसा परफॉर्म करते हैं, यह बहुत जरूरी होगा। अगले साल फरवरी में टी20 वर्ल्ड कप होना है, इसलिए बॉलिंग के नजरिए से यह सीरीज वाकई में बहुत अहम है।''






