जसप्रीत बुमराह अब T20I से रहेंगे दूर, धाकड़ पेसर को लेकर BCCI क्यों हुआ सीरियस?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 समाप्त होने के बाद जसप्रीत बुमराह के अब T20I से दूर रहने की संभावना है। भारत के धाकड़ पेसर बुमराह 2027 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए वनडे मैचों पर अधिक ध्यान देंगे।

भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए अगले 18 महीनों में टी20 अंतरराष्ट्रीय द्विपक्षीय सीरीज के बजाय 50 ओवर के अधिक मैच खेलने की कोशिश करेंगे। भारत को अगले साल अक्टूबर-नवंबर तक टी20 इंटरनेशनल के कई द्विपक्षीय टूर्नामेंट के अलावा जापान में होने वाले एशियाई खेलों में हिस्सा लेना है। एशियाई खेलों में सूर्यकुमार यादव के भारतीय टीम की अगुवाई करने की संभावना है। ऐसा समझा जाता है कि बुमराह कई अन्य अनुभवी भारतीय खिलाड़ियों की तरह 2028 में लॉस एंजिलिस ओलंपिक में खेलने के लिए बहुत उत्सुक हैं। इसका आयोजन टी20 प्रारूप में होगा। वह हालांकि 2027 विश्व कप तक वनडे प्रारूप को प्राथमिकता देंगे।
भारत की विश्व कप तैयारियों की असली शुरुआत दो महीने लंबे और बेहद व्यस्त इंडियन प्रीमियर लीग के बाद होगी, जिसमें बुमराह मुंबई इंडियंस के तेज आक्रमण की अगुवाई करते नजर आएंगे। आईपीएल के समाप्त होने तक राष्ट्रीय चयन समिति, भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के उत्कृष्टता केंद्र (जिसके प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण हैं) और टीम प्रबंधन (जिसका प्रतिनिधित्व गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल कर रहे हैं) अगले चरण की रणनीति का खाका तैयार करेंगे।
इस योजना का सबसे अहम पहलू बुमराह के वर्कलोड (मैचों का चयन) का प्रबंधन होगा। यह समझा जाता है कि आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के मुकाबलों को चुनने की आजादी इस 32 वर्षीय गेंदबाज को नहीं मिलेगी। माना जा रहा है कि उनका खेल का प्रबंधन काफी हद तक 2023-2026 के दौर जैसा हो सकता है, जब उन्होंने एक भी वनडे मैच नहीं खेला था। बुमराह 19 नवंबर 2023 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए पिछले वनडे विश्व कप फाइनल के बाद से कुल 42 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं, जिनमें 21 टेस्ट और 21 टी20 अंतरराष्ट्रीय शामिल हैं।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर 'पीटीआई' से कहा, ''भारत के किसी भी वैश्विक अभियान में बुमराह की फिटनेस हमेशा की तरह सबसे अहम रहती है। इसलिए टीम प्रबंधन को प्रारूपों को प्राथमिकता देते हुए बेहद सावधानी बरतनी होगी। वह निश्चित रूप से टेस्ट क्रिकेट खेलेंगे, लेकिन सीमित ओवरों में 50 ओवर के विश्व कप चक्र में उनका ध्यान ज्यादा वनडे मैचों पर रहेगा।'' उन्होंने कहा, ''इस दौरान करीब 30-35 मैच होंगे और ऐसे में जोखिम नहीं लिया जा सकता।'' भारत के पास वनडे क्रिकेट में तेज गेंदबाजों का बहुत बड़ा पूल नहीं है, लेकिन समझा जाता है कि मुख्य समूह में बुमराह के साथ मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह और फिट होने पर हर्षित राणा शामिल रहेंगे।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



