भारतीय टीम के लिए सीरियस नहीं हैं जसप्रीत बुमराह? इंग्लैंड सीरीज नहीं खेलने पर मांजरेकर ने उठाए सवाल
जसप्रीत बुमराह आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में नहीं खेलेंगे। चयनकर्ताओं ने कहा है कि उनका वर्कलोड मैनेज करने के लिए आराम दिया गया है हालांकि मांजरेकर का मानना है कि बुमराह अब हर मैच खेलने के इच्छुक नहीं हैं।

बीसीसीआई ने शनिवार को आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया। श्रेयस अय्यर नए कप्तान बने हैं और उनकी कप्तानी में कई बदलाव हो गए हैं। हालांकि एक बार फिर कई खिलाड़ियों को आराम दिया गया है, जिसमें हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ियों का भी नाम शामिल है। वहीं बुमराह के इंग्लैंड दौरे से बाहर होने पर संजय मांजरेकर ने सवाल उठाए हैं। पूर्व क्रिकेटर ने इस स्टार तेज गेंदबाज की टीम के प्रति प्रतिबद्धता पर खुले तौर पर सवाल उठाए हैं।
भारतीय टीम इस महीने के आखिर में आयरलैंड के खिलाफ दो मैच की टी20 सीरीज और फिर इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई में पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। हालांकि इन दोनों सीरीज से बुमराह गायब है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने बुमराह को शामिल ना करने की वजह बताई है। उन्होंने कहा कि इस तेज गेंदबाज का इस्तेमाल ज्यादातर लंबे प्रारूप में किया जाएगा।
हर मैच खेलने के इच्छुक नहीं
संजय मांजरेकर ने सोनी नेटवर्क पर कहा, ''मुझे तो इस बात पर हैरानी हो रही है कि बुमराह अपनी उपलब्धता को लेकर करियर को किस तरफ ले जा रहे हैं। मुझे लगा था कि जसप्रीत बुमराह भारत के टी20 कप्तान बनने की रेस में सबसे आगे थे क्योंकि मुझे लगता था कि टी20 के वर्कलोड को वह आसानी से संभाल सकते हैं। लेकिन अब लगता है कि वो भारत के हर मैच में खेलने के इच्छुक नहीं दिख रहे हैं।'' जसप्रीत बुमराह ने मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2026 में 13 मैच खेले और इस दौरान उन्होंने चार विकेट लिए। बुमराह इस सीजन उम्मीद के मुताबिक गेंदबाजी नहीं कर सके।
बुमराह 17 सितंबर से तीन अक्टूबर तक होने वाले एशियाई खेलों में वापसी करेंगे। जब अगरकर से पूछा गया कि क्या बुमराह को टेस्ट मैचों के लिए बचाकर रखा जा रहा है तो अगरकर ने जवाब दिया, ''हां और वनडे विश्व कप के लिए भी जैसा पिछले विश्व कप में टी20 प्रारूप था। हम जानते हैं कि वह कितने अहम हैं। ‘’ उन्होंने आगे कहा, ''विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में अगर हम अगले नौ टेस्ट मैच में अच्छा खेलते हैं तो हमारे पास फाइनल के लिए क्वालीफाई करने का मौका है। अगर जसप्रीत ज्यादातर मैच खेल सकें और फिर भी फिट और स्वस्थ रहें, तो यह हमेशा एक अच्छी बात होगी। ‘’
भारत अपने दौरे की शुरुआत आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट में 26 और 28 जून को दो टी-20 मैचों से करेगा, जिसके बाद टीम एक से 11 जुलाई तक इंग्लैंड में पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी। एशियाई खेलों में पुरुषों का क्रिकेट टूर्नामेंट 24 सितंबर से शुरू होगा और 13 अक्टूबर को पदक मैचों के साथ खत्म होगा। आयरलैंड दौरे पर दो टी20 मैचों की सीरीज में अय्यर पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। उन्होंने दिसंबर 2023 में अपना पिछला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था, जिसके बाद वह टीम से बाहर हो गए थे।
लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी



