जसप्रीत बुमराह मेसी या रोनाल्डो जैसे, किसी टीम में रख दो चैंपियन बना देंगे; फिदा हो गए वॉन
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने टी20 वर्ल्ड कप के सुपर स्टार जसप्रीत बुमराह की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा है कि उन्होंने अब तक जितने भी गेंदबाजों को देखा है, उनमें बुमराह बेस्ट हैं। वॉन ने बुमराह की तुलना महान फुटबॉलरों लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो से की है।

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने टी20 वर्ल्ड कप के सुपर स्टार जसप्रीत बुमराह की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा है कि उन्होंने अब तक जितने भी गेंदबाजों को देखा है, उनमें बुमराह बेस्ट हैं। उन्हें वर्ल्ड कप की किसी भी टीम में रख दीजिए, वह उसे अकेले चैंपियन बना सकते हैं। वॉन ने बुमराह की तुलना महान फुटबॉलरों लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानों रोनाल्डो से की है।
जसप्रीत बुमराह ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ कभी न भूला पाने वाला प्रदर्शन किया। वह टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट में 4 विकेट हॉल लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बने। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में अब सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज बन गए हैं और वो भी सिर्फ 5.66 की इकॉनमी रेट के साथ। फाइनल के वह प्लेयर ऑफ द मैच रहे, लेकिन सेमीफाइनल में भी उन्होंने कसी गेंदबाजी की। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में बुमराह के आखिरी दो ओवर निर्णायक साबित हुए थे।
'स्टिक टु क्रिकेट' पर माइकल वॉन ने स्वीकार किया कि उन्होंने अब तक जितने भी गेंदबाज देखे हैं, उनमें बुमराह बेस्ट हैं। वॉन ने कहा, 'जसप्रीत बुमराह को इंग्लैंड की टीम में रख दीजिए, वह इसे जिता देंगे।'
उनके साथ बैठे इंग्लैंड के क्रिकेटर मार्क बुचर ने भी इस पर सहमति जताई। बुचर ने कहा, 'हां, आप उन्हें किसी भी टीम रख दीजिए, वह आपको जिता देंगे।'
इस पर वॉन ने कहा, ‘बिलकुल। वह शायद लियोनेल मेसी या क्रिस्टियानो रोनाल्डो की तरह के खिलाड़ी हैं।’
इस दौरान डेविड लॉयड ने वॉन को टोकते हुए पूछा, 'क्या आप ये कह रहे हैं कि आपने अब तक जितने भी गेंदबाज देखे, उनमें वह बेस्ट है?'
इस पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने अपनी बात दोहराते हुए फिर कहा, 'हां, वह है। मैंने 1985 से क्रिकेट देखना और समझना शुरू किया और तब से मैंने जिनको भी देखा उनमें वह बेस्ट हैं।'
हालांकि इंग्लैंड के ही एक और पूर्व कप्तान एलेस्टेयर कूक इस बात पर सहमत नहीं नजर आए कि बुमराह सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हैं। कूक ने ये तो माना कि बुमराह हर फॉर्मेट में मौजूदा पीढ़ी के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हैं लेकिन इस पर सवालिया निशान लगाया कि क्या उन्होंने वाकई टेस्ट क्रिकेट में कोई निर्णायक और मैच विजेता स्पेल फेंका है।
एलेस्टेयर कूक ने सवाल उठाया, 'क्या वह टेस्ट क्रिकेट में मैच जिताने वाले स्पेल फेंकने के लिहाज से बेस्ट हैं? बिना किसी शक-सुबहा के वह फिलहाल हर फॉर्मेट के बेस्ट बोलर हैं, मैं मानता हूं। आप मोटे तौर पर यह कह सकते हैं। लेकिन क्या वह किसी टेस्ट में 15 रन देकर 8 विकेट जैसे स्पेल फेंके हैं या वह उस तरह के गेंदबाज हैं?'
इस पर वॉन ने जवाब दिया, 'मैंने उन्हें ऑस्ट्रेलिया में ऐसा करते देखा है। कुछ स्पेल अलग रहे हैं और वो भी सपाच पिचों पर।'
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें


