499 के 'रन-फेस्ट' में वो 3 ओवर जिन्होंने भारत की झोली में डाला मैच, वरुण चक्रवर्ती ‘विलन’ बनते-बनते बचे
वानखेड़े स्टेडियम में 253 रन भी उस समय कम लग रहे थे, जब टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ इंग्लैंड चेज कर रहा था। इंग्लिश टीम 246 रनों तक पहुंची, मगर फिनिशिंग लाइन क्रॉस नहीं कर पाई।

इंडिया वर्सेस इंग्लैंड टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में रनों का अंबार लगा। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए संजू सैमसन के तूफानी अर्धशतक के दम पर 253 रन बोर्ड पर लगाए। उनके अलावा ईशान किशन (39), शिवम दुबे (43) और हार्दिक पांड्या (27) पच्चीस रन का आंकड़ा पार करने में कामयाब रहे। एक समय ऐसा था जब इंग्लैंड ने 100 से भी कम रन पर अपने 4 विकेट गंवा दिए थे, मगर तब जैकब बेथल ने विल जैक्स के साथ साझेदारी कर इंग्लैंड की मैच में वापसी करवाई। एक समय ऐसा था जब 140 करोड़ फैंस की धड़कने बढ़ गई थी, ऐसा लग रहा था कि इंग्लिश टीम इस विशाल स्कोर को चेज कर लेगी। मगर तब वो 3 करिश्माई ओवर आए जिन्होंने मैच भारत की झोली में डाला। इन 3 मैजिकल ओवर्स ने ही वरुण चक्रवर्ती को 'विलन' बनने से भी बचाया।
वरुण चक्रवर्ती बनने वाले थे विलन
वरुण चक्रवर्ती टी20 वर्ल्ड कप 2026 में एक 'मिस्ट्री स्पिनर' और भारत के लिए ‘X’ फैक्टर बनकर आए थे, मगर जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ा बल्लेबाजों ने उन्हें पढ़ा और आड़े हाथों लिया। इंग्लैंड के खिलाफ तो उन्होंने 4 ओवर में 64 रन लुटाए। यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी भारतीय द्वारा फेंका गया अब तक का सबसे महंगा स्पेल है।
वरुण चक्रवर्ती ने अपने स्पेल का आखिरी ओवर 15वें ओवर के रूप में डाला, जिसमें उन्होंने 13 रन खर्च किए। उनके ओवर के बाद इक्वेशन यह थी कि इंग्लैंड को आखिरी 5 ओवर में 69 रनों की ही जरूरत थी। जिस तरह जैकब बेथल बल्लेबाजी कर रहे थे, यह टारगेट चेज होता दिख रहा था।
जसप्रीत बुमराह ने बनाया दबाव
मगर, मगर, मगर….फिर यहां एंट्री होती है टीम इंडिया नहीं, नहीं…दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की।
जसप्रीत बुमराह ने जिन्होंने अपने पहले 2 ओवर में 19 रन खर्च कर इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक का विकेट चटकाया था, उन्होंने पारी का 16वां ओवर डाला। इस ओवर में जरूर उन्हें सैम कुर्रन ने एक चौका मारा, मगर फिर भी उन्होंने 8 ही रन खर्च किए।
जसप्रीत बुमराह को कॉम्पलिमेंट करने के लिए ऐसे ही एक कसे हुए ओवर की जरूरत थी, ऐसे में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अर्शदीप सिंह को अटैक पर लगाया। अर्शदीप सिंह ने भी अपनी पहली 4 गेंदों पर 6 रन दिए, मगर आखिरी दो गेंदों पर 1 छक्का और 1 चौका खाकर उन्होंने पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया।
आखिरी 3 ओवर में अब 45 रनों की दरकार थी। अटैक पर फिर जसप्रीत बुमराह आए। बुमराह के ओवर में विकेट खोने के डर से इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने उन्हें संभलकर खेला, यहां तक सेट बल्लेबाज जैकब बेथल ने भी कोई रिस्क नहीं लिया। बुमराह ने इस ओवर से मात्र 6 रन खर्च किए और एक और यादगार स्पेल का अंत किया।
हार्दिक पांड्या का मिला साथ
आखिरी दो ओवर में अब भारत के पास समस्या गेंदबाज की थी। हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल का एक-एक ओवर बाकी था। कप्तान सूर्यकुमार यादव मैच को 19वें ओवर में ही खत्म करना चाहते थे, जिस वजह से उन्होंने गेंद हरफनमौला हार्दिक पांड्या को सौंपी।
जो काम 17वें ओवर में अर्शदीप नहीं कर पाए थे, वो काम हार्दिक पांड्या ने 19वें ओवर में कर दिखाया। जसप्रीत बुमराह द्वारा बनाए गए दबाव को उन्होंने बरकरार रखा और 19वें ओवर में सैम कुर्रन के विकेट के साथ 9 ही रन खर्च किए। इस दौरान जैकब बेथल ने पहली गेंद पर छक्का लगाकर अपना शतक भी पूरा किया।
शिवम दुबे ने किया काम तमाम
लगातार दो टाइट ओवर के चलते इंग्लैंड बैकफुट पर था। आखिरी ओवर में इंग्लिश टीम को 30 रनों की दरकार थी, सूर्यकुमार यादव ने गेंद शिवम दुबे को थमाई जो पारी का अपना पहला ओवर डालने आए।
दूबे की पहली गेंद पर ही दो रन लेने के प्रयास में जैकब बेथल रन आउट हो गए, इसके बाद जोफ्रा आर्चर ने तीन छक्के लगाए, मगर तब तक मैच भारत की झोली में गिर चुका था।
जसप्रीत बुमराह के वो दो और हार्दिक पांड्या के एक ओवर ने मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया, जिसने वरुण चक्रवर्ती को भी विलन बनने से बचाया।
टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में 7 रनों से इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई। भारत का टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खिताबी मुकाबला न्यूजीलैंड से 8 मार्च को है।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


