जसप्रीत बुमराह IN या OUT? अफगानिस्तान टी20 सीरीज से पहले फिटनेस को लेकर बड़ा अपडेट
इंडिया-अफगानिस्तान 3 मैच की टी20 सीरीज का आगाज 13 सितंबर से होने जा रहा है। सीरीज के शुरू होने से पहले भारत के चोटिल खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।
भारत-अफगानिस्तान 3 मैच की टी20 सीरीज का पहला मैच 13 सितंबर से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाना है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई इस सीरीज के लिए स्क्वॉड का पहले ही ऐलान कर चुका है। भारतीय स्क्वॉड में कुछ खिलाड़ी ऐसे थे जिनका चयन फिटनेस के आधीन था, मतलब उन्हें टीम से जुड़ने से पहले फिटनेस टेस्ट पास करना होगा। इन खिलाड़ियों में सुपरस्टार जसप्रीत बुमराह से लेकर नीतिश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर और हर्षित राणा जैसे खिलाड़ी थे। सीरीज शुरू होने से कुछ दिन पहले इन सभी खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।
रिपोर्ट के अनुसार, ‘जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर और नीतीश कुमार रेड्डी मैच सिमुलेशन के बाद फिट घोषित हुए। हर्षित राणा मैच सिमुलेशन में भी भाग नही ले पाए। बुमराह, वॉशिंगटन और नीतीश कुमार अफगानिस्तान सीरीज के लिए उपलब्ध होंगे।’
बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, "वह अभी तक अपने पैर की मांसपेशियों में खिंचाव की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। उन्हें और समय की जरूरत होगी।"
राणा को वॉशिंगटन सुंदर की तरह पैर की मांसपेशियों में चोट लगी थी। हालांकि, सुंदर को अफगानिस्तान सीरीज के लिए फिट घोषित कर दिया गया है।
बता दें, हर्षित राणा को इंग्लैंड के खिलाफ भारत की पांच मैच की T20I सीरीज के तीसरे मुकाबले के दौरान दाएं पैर की मांसपेशियों में चोट लगी थी। इसके बाद वह स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के साथ टीम से बाहर हो गए थे। बाद में स्कैन में राणा को ग्रेड-एक चोट की पुष्टि हुई और यह तेज गेंदबाज बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में पहुंचा। इसी तरह की पैर की मांसपेशियों की चोट के कारण 24 वर्षीय राणा उस टी20 विश्व कप से भी बाहर हो गए थे।
वहीं जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी को भी चोट से जूझने के बावजूद फिटनेस के आधार पर भारतीय टीम में शामिल किया गया है। बुमराह जुलाई में भारत के इंग्लैंड दौरे के बाद से बाएं घुटने की चोट के कारण क्रिकेट से दूर हैं। बुमराह की वापसी भारत के लिए बहुत अच्छी खबर है।
बता दें, यह सभी खिलाड़ी आगामी एशियन गेम्स स्क्वॉड का भी हिस्सा हैं। ऐसे में बीसीसीआई और टीम मैनेचमेंड खिलाड़ियों को जल्द मैदान पर उतराने का रिस्क नहीं लेना चाहेगा।
भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज शेड्यूल
इंडिया वर्सेस अफगानिस्तान टी20 सीरीज का पहला मैच 13 सितंबर को खेला जाना है। इसके बाद अगले दो मुकाबले 15 और 17 सितंबर को होंगे। सभी मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे। ऐसे में खिलाड़ियों को सीरीज के दौरान ज्यादा ट्रैवल नहीं करना होगा।



