जसप्रीत बुमराह ने रचा इतिहास, इंग्लैंड में बने नंबर-1 भारतीय; ODI में 150 शिकार कंप्लीट
Jasprit Bumrah IND vs ENG: जसप्रीत बुमराह ने भारत बनाम इंग्लैंड पहले वनडे में शानदार गेंदबाजी की। भारत के धाकड़ तेज गेंदबाज ने इंग्लैंड की सरजमीं पर इतिहास रच दिया है।

भारत के धाकड़ पेसर जसप्रीत बुमराह ने 968 दिनों के बाद वनडे क्रिकेट में अच्छी वापसी की। उन्होंने मंगलवार को इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में किफायती स्पेल डाला। बुमराह ने बर्मिंघम में 9 ओवर में महज 31 रन खर्च किए और एक अहम विकेट चटकाया। 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल के बाद खेलने उतरे बुमराह ने कप्तान हैरी ब्रूक का शिकार किया। ब्रूक ने तीन गेंदों में एक बनाया और 14वें ओवर में रोहित शर्मा को कैच थमाया। ब्रूक को आउट करते ही बुमराह ने इतिहास रच डाला। वह इंग्लैंड की धरती पर सबसे ज्यादा वनडे विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं।
बुमराह ने जडेजा का रिकॉर्ड तोड़ा
32 वर्षीय बुमराह अब तक इंग्लैंड में वनडे में 31 ले चुके हैं। उन्होंने अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा का रिकॉर्ड तोड़ा है। जडेजा ने यहां 30 वनडे विकेट लिए। जडेजा ने जनवरी 2026 के बाद से कोई वनडे नहीं खेला है। वह मौजूदा सीरीज में भी भारतीय स्क्वॉड का हिस्सा नहीं हैं। फेहरिस्त में तीसरे नंबर पर भुवनेश्वर कुमार हैं। उन्होंने इंग्लैंड में वनडे में 28 शिकार किए। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवी ने साल 2022 से कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेला।
अगरकर और पठान को पछाड़ा
इसके अलावा, बुमराह ने एक और कारनामा अंजाम दिया है। उन्होंने वनडे में 150 शिकार कंप्लीट कर लिए हैं। वह भारत के लिए सबसे कम गेंदों में 150 वनडे विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। बुमराह ने 4605 गेंदों में यह आंकड़ा छुआ। उन्होंने पूर्व ऑलराउंडर अजीत अगरकर (5027) और इरफान पठान (5131) को पछाड़ा है। अगरकर फिलहाल चीफ सिलेक्टर हैं। लिस्ट में टॉप पर मोहम्मद शमी (4070) हैं। शमी 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से भारतीय टीम से बाहर हैं।
इंग्लैंड में सबसे ज्यादा ODI विकेट लेने वाले भारतीय
31 - जसप्रीत बुमराह
30 - रवींद्र जडेजा
28 - भुवनेश्वर कुमार
27 - मदन लाल
26 - मोहम्मद शमी
भारत के लिए सबसे कम गेंदों में 150 वनडे विकेट
4070 - मोहम्मद शमी
4513 - कुलदीप यादव
4605 - जसप्रीत बुमराह
5027 - अजीत अगरकर
5131 - इरफान पठान
बर्मिंघम वनडे की बात करें तो इंग्लैंड ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। बेन डकेट (43) और जैकब बेथेल (14) ने 61 रन जोड़कर इंग्लैंड को सधी हुई शुरुआत दिलाई। गुरनूर बराड़ ने 13वें ओवर में दोनों ओपनर को अपने जाल में फंसाया, जिसके बाद इंग्लैंड की टीम लड़खड़ा दई। इंग्लैंड ने पांच विकेट 80 रन जोड़कर गंवाए। जोस बटलर ने 5 रन बनाए जबकि सैम करन का खाता नहीं खुला। जो रूट (नाबाद 76) और लियाम डॉसन (68) के अर्धशतक के दम पर इंग्लैंड टीम 258 के स्कोर तक पहुंची।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



