इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में जसप्रीत बुमराह ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले 8वें भारतीय गेंदबाज बने

Mar 06, 2026 10:30 am ISTChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

भारत के स्टार पेसर और मौजूदा दौर के दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में शुमार जसप्रीत बुमराह ने टी0 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल के दौरान एक अहम उपलब्धि हासिल की। ऐसी उपलब्धि जो उनसे पहले भारत के सिर्फ 7 गेंदबाजों ने ही हासिल की थी। ये उपलब्धि है 500 अंतरराष्ट्रीय विकेट की।

इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में जसप्रीत बुमराह ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले 8वें भारतीय गेंदबाज बने

भारत के स्टार पेसर और मौजूदा दौर के दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में शुमार जसप्रीत बुमराह ने टी0 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल के दौरान एक अहम उपलब्धि हासिल की। ऐसी उपलब्धि जो उनसे पहले भारत के सिर्फ 7 गेंदबाजों ने ही हासिल की थी। इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल में भारत की जीत के इस हीरो ने मैच की अपनी पहली ही गेंद पर इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक का विकेट चटकाकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना 500वां विकेट पूरा किया।

जसप्रीत बुमराह को हालांकि उसके बाद इस मैच में कोई और विकेट नहीं मिला लेकिन उनकी गेंदबाजी ने भारत के लिए फाइनल का टिकट कटाने में अहम योगदान दिया। उन्होंने 4 ओवर में 33 रन देकर 1 विकेट झटके। 254 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने करोड़ों भारतीयों की सांसें अटका दी थी। आखिरी 3 ओवर में उसे जीत के लिए 45 रनों की जरूरत थी और खूंखार अंदाज में खेल रहे जैकब बेथेल तब 94 रन और सैम करन 14 रन पर नाबाद थे।

जसप्रीत बुमराह ने भारत की तरफ से 18वां और अपने कोटे का आखिरी ओवर फेंका। उस एक ओवर ने अचानक मैच का रुख भारत की तरफ पलट दिया। जब बेथेल सिर्फ चौकों-छक्कों में डील कर रहे थे उस वक्त बुमराह ने उस ओवर में एक भी बाउंड्री नहीं दी। उन्होंने सिर्फ 6 रन दिया। उसके बाद इंग्लैंड दबाव में आ गया। उसे आखिरी 12 गेंदों में 39 रन चाहिए थे। 19वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने सिर्फ 9 रन दिए और एक विकेट भी हासिल किया। आखिरकार भारत ने रोंगटे खड़े कर देने वाले इस मैच में 7 रन से जीत हासिल की।

भारत की इस जीत में जसप्रीत बुमराह की भूमिका कितनी अहम थी, उसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए संजू सैमसन ने प्रजेंटेशन के दौरान सीधे-सीधे कह दिया कि सारा श्रेय बुमराह को जाता है। सैमसन ने 89 रन की जबरदस्त पारी खेली थी जिसकी बदौलत भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 253 रनों का विशाल लक्ष्य दिया था।

जसप्रीत बुमराह के अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो उन्होंने 23 जनवरी 2016 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था। अब वह 500 अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले भारत के आठवें गेंदबाज बन चुके हैं। उनसे पहले अनिल कुंबले, रविचंद्रन अश्विन, हरभजन सिंह, कपिल देव, रविंद्र जडेजा, जहीर खान और जवागल श्रीनाथ 500 या उससे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय विकेट ले चुके हैं।

जसप्रीत बुमराह अभी 32 वर्ष के हैं। उन्होंने अब तक 52 टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें उनके नाम 234 विकेट दर्ज हैं। इसी तरह बुमराह ने अब तक 89 ओडीआई खेले हैं जिनमें उनके नाम 149 विकेट दर्ज हैं। टी20 इंटरनेशनल में जसप्रीत बुमराह के नाम 94 मैचों में 117 विकेट हैं। वह तीनों ही फॉर्मेट में खुद को दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में साबित किया है।

टी20 विश्व कप 2026 में जसप्रीत बुमराह ने अब तक 7 मैचों में 10 विकेट हासिल किए हैं। सुपर 8 में भी वेस्टइंडीज के खिलाफ क्वार्टर फाइनल सरीखे मुकाबले में बुमराह ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। वह इस महत्वपूर्ण मैच में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। अब 8 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में भारतीय गेंदबाजी का दारोमदार फिर उनके मजबूत कंधों पर होगा।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule और Live Cricket Score देखें और Live Hindustan App डाउनलोड करके सभी अपडेट सबसे पहले पाएं।