टीम इंडिया के खिलाफ T20 मैच के लिए जापान की टीम का ऐलान, फ्लेमिंग हैं कप्तान; ये भी हैं स्क्वॉड में
टीम इंडिया के खिलाफ 22 सितंबर को होने वाले एकमात्र टी20 मैच के लिए जापान की टीम का ऐलान हो गया है। जापान की टीम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। एशियन गेम्स वाली टीम ही इस मैच में उतरेगी।

टीम इंडिया के खिलाफ 22 सितंबर को होने वाले ऐतिहासिक टी20 मैच के लिए जापान क्रिकेट संघ ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। सानो में एशियन गेम्स से पहले खेला जाने वाला ये मैच दोनों देशों के बीच पहला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबला होगा। केन्डल कडोवाकी-फ्लेमिंग की कप्तानी में जापान की टीम भारत से भिड़ने उतरेगी। T20I क्रिकेट में उनके लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी फ्लेमिंग ही हैं। खास बात यह है कि एशियन गेम्स के लिए जो टीम चुनी गई है, वही टीम उनकी भारत के खिलाफ भी खेलेगी। ऐसा ही टीम इंडिया के साथ भी होने की उम्मीद जताई जा रही है, क्योंकि इसी महीने इस मुकाबले का ऐलान बीसीसीआई और जेसीए द्वारा किया गया है।
एशियन गेम्स 2026 के लिए चुनी गई टीम में कोई बदलाव जापान ने भारत के खिलाफ मैच के लिए नहीं किया है। जापान को आइची-नागोया शहर में एशियन गेम्स को होस्ट करना है, लेकिन जापान की वही क्रिकेट टीम पहले सानो इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 22 सितंबर को भारत से मुकाबला खेलेगी। 15 सदस्यों वाली यूनिट में जून में 2026 सीजन के लिए सिलेक्शन पैनल द्वारा घोषित नेशनल क्रिकेटरों की लिस्ट के 12 खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि A स्क्वॉड के तीन और खिलाड़ी इस टीम का हिस्सा हैं। इनमें सुयोशी तकाडा, जेक कुसुडा-नैर्न और एलेस्टर कडोवाकी-फ्लेमिंग का नाम शामिल है।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम खेलेगी जापान से मुकाबला
सुजुकी कप नाम का यह मैच टोचिगी प्रीफेक्चर के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा और यह 24 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच होने वाले एशियन गेम्स में क्रिकेट की शुरुआत के तौर पर काम करेगा। मौजूदा T20 वर्ल्ड कप चैंपियन भारत ने एशियन गेम्स के लिए श्रेयस अय्यर की लीडरशिप में पूरी टीम चुनी है। माना जा रहा है कि वही टीम जापान के खिलाफ भी मुकाबला खेलेगी, क्योंकि एक मैच के लिए दूसरी टीम का चयन अच्छा विकल्प नहीं होगा। भारतीय टीम 19 सितंबर को सानो के लिए रवाना होगी, जबकि 21 सितंबर को प्रैक्टिस करेगी और 22 को जापान से मुकाबला खेलेगी। इसके कुछ दिन बाद सानो से टीम नागोया के लिए निकलेगी, जहां 28 सितंबर को एशियन गेम्स का क्वार्टर फाइनल भारत को खेलना है।
भारत के खिलाफ एकमात्र टी20 मैच के लिए जापान की टीम
केन्डल कादोवाकी-फ्लेमिंग (कप्तान), चार्ली हारा-हिन्ज़े, बेंजामिन गो-इतो डेविस, कोहेई कुबोता, वातारू मियाउची, रेओ साकुरालो-थॉमस, डेक्लान सुजुकी-मैककॉम्ब, शोमा सुगाया-स्लेटर, अलेक्जेंडर शिराई-पटमोर, लाचलान यामामोतो-लेक, माकोतो तानियामा, इब्राहिम ताकाहाशी, त्सुयोशी ताकादा, जेक कुसुदा-नायेर्न और एलेस्टर कादोवाकी-फ्लेमिंग



