रोहित शर्मा के साथ ऐसा नहीं होना चाहिए, दिलीप वेंगसरकर की दो टूक; कप्तान शुभमन गिल को लेकर ये संदेह
दिलीप वेंगसरकर ने रोहित शर्मा की दिल खोलकर तारीफ की है। उन्होंने 'हिटमैन' को मैच विनर करार दिया। वहीं, वेंगसरकर को कप्तान शुभमन गिल को लेकर एक संदेह है।

स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में खेलेंगे या नहीं? अभी कन्फर्म नहीं हैं। वह 39 साल के हैं और भारत के लिए सिर्फ वनडे क्रिकेट में एक्टिव हैं। उन्होंने 288 वनडे मैचों में 11895 रन बनाए हैं, जिसमें 34 शतक और 62 अर्धशतक हैं। रोहित के वनडे भविष्य और वर्ल्ड कप में उनकी जगह को लेकर अटकलों से दिलीप वेंगसरकर खुश नहीं हैं। पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज वेंगसरकर ने दो टूक कहा कि ऐसा नहीं होने चाहिए। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। रोहित ने पिछला वनडे जुलाई 2026 में इंग्लैंड में खेला था। उन्होंने लॉर्ड्स वनडे में ऐतिहासिक शतक लगाया था। तब अटकलें लगी थीं कि 'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित लॉर्ड्स वनडे के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। हालांकि, भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने अटकलों को खारिज कर दिया था।
'मुझे यकीन है कि रोहित के लिए...'
वेंगसरकर ने रेवस्पोर्ट्स से बातचीत में कहा, ''यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि उन्होंने बड़े मैचों में लगातार रन बनाए हैं और भारत के लिए अनेक मैच जीते हैं। फिर भी उनकी काबिलियत पर सवाल उठते रहते हैं, जो निराशाजनक है। जहां तक रोहित शर्मा के अगले वर्ल्ड कप में खेलने की बात है तो मुझे इस बारे में नहीं पता। उनमें अब भी बहुत क्रिकेट बाकी है और यह उनकी परफॉर्मेंस और फिटनेस पर निर्भर करेगा। लेकिन मुझे पूरा यकीन है कि ओपनर्स में उनके लिए जगह है।'' रोहित ने हाल ही में वनडे वर्ल्ड कप में खेलने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर कहा था कि अभी टूर्नामेंट दूर है। उन्होंने मुंबई में एक इवेंट के दौरान सवाल के जवाब में कहा, ''अक्टूबर 2027 अभी बहुत दूर है, तब देखेंगे।'' साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया वनडे वर्ल्ड कप की संयुक्त मेजबानी करेंगे। यह टूर्नामेंट अगले साल अक्टूबर में शुरू होगा।
कप्तान शुभमन गिल को लेकर ये संदेह
वेंगसरकर ने वनडे में रोहित के ओपनिंग पार्टनर शुभमन गिल के बैटिंग स्टाइल की तारीफ की है। हालांकि, उन्हें गिल के भारत की तीनों फॉर्मेट की टीम का कप्तान बनने पर संदेह है। गिल के पास फिलहाल टेस्ट और वनडे टीम की कमान हैं। श्रेयर अय्यर भारतीय टी20 टीम के कप्तान हैं। वेंगसरकर से जब पूछा गया कि क्या वह गिल को आने वाले समय में सभी फॉर्मेट का कप्तान बनते हुए देखते हैं तो उन्होंने कहा, ''सभी फॉर्मेट के बारे में कहना बहुत मुश्किल है। बात यह है कि आपको बेस्ट इलेवन चुननी होती है और फिर कप्तान चुनना होता है। कप्तान प्लेइंग इलेवन में ऑटोमैटिक चॉइस होना चाहिए। शुभमन गिल एक शानदार प्लेयर हैं। मुझे उनकी बैटिंग और उनका स्टाइल भी पसंद है। जिस तरह से उन्होंने इंग्लैंड में टीम का नेतृत्व किया वह अविश्वसनीय था। उन्होंने एक कप्तान और एक बल्लेबाज के तौर पर बहुत अच्छा किया। मुझे उम्मीद है कि वह अच्छा करेंगे।''



