मेरे से क्या लेना-देना भाई; मुस्तफिजुर रहमान विवाद पर बांग्लादेशी पत्रकार को मोहम्मद नबी की दो टूक
अफगानिस्तान के ऑलराउंडर मोहम्मद नबी से जब एक बांग्लादेशी पत्रकार ने मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से निकाले जाने पर सवाल पूछा तो उन्होंने सवाल के तुक पर ही सवाल उठा दिया। सवाल से चिढ़े नबी ने दो टूक कहा कि इसका उनसे क्या लेना-देना है।

अफगानिस्तान के ऑलराउंडर मोहम्मद नबी से जब एक बांग्लादेशी पत्रकार ने मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से निकाले जाने पर सवाल पूछा तो उन्होंने सवाल के तुक पर ही सवाल उठा दिया। नबी बांग्लादेश प्रीमियर लीग में नोआखली एक्सप्रेस की तरफ से खेल रहे हैं। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकार ने उनसे मुस्तफिजुर मुद्दे पर सवाल दागा। सवाल से चिढ़े नबी ने दो टूक कहा कि इसका उनसे क्या लेना-देना है।
क्या है मुस्तफिजुर रहमान से जुड़ा विवाद?
बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस की अगुआई वाली कट्टरपंथियों की कठपुतली अंतरिम सरकार के दौरान अल्पसंख्यकों खासकर हिंदुओं पर भीड़ की हिंसा के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। भारत के खिलाफ जहरीले बयानों के लिए चर्चित एक कट्टरपंथी युवा उस्मान हादी की पिछले महीने हत्या के बाद बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार, हत्या और रेप जैसी वारदात के बाद भारत में आक्रोश है। मुस्तफिजुर रहमान को पिछले महीने आईपीएल की मिनी नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। बांग्लादेश में हिंदुओं पर लगातार हो रहे हमले की वजह से सोशल मीडिया पर लगातार मांग उठ रही थी कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों को आईपीएल से बाहर किया जाए।
आखिरकार बीसीसीआई के निर्देश पर केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया। जल्द ही इस मुद्दे ने एक बड़ा विवाद का रूप ले लिया। बांग्लादेश ने अगले महीने होने जा रहे टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत में अपने मैचों को 'सुरक्षा कारणों' से खेलने से इनकार कर दिया और किसी दूसरे देश में उन्हें शिफ्ट करने की मांग की है। हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक आईसीसी ने बीसीबी की ये मांग ठुकरा दी है। उसे साफ कहा है कि भारत में सुरक्षा को खतरा जैसी कोई बात नहीं है। बांग्लादेश को भारत में ही विश्व कप मैच खेलने होंगे नहीं तो वो अंक गंवाने के लिए तैयार रहे।
मुस्तफिजुर रहमान से जुड़े सवाल पर नबी की दो टूक
मुस्तफिजुर रहमान मुद्दे पर पूछे गए सवाल पर नबी ने कॉमेंट करने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, 'इसका मेरे से क्या लेना-देना भाई? मेरा मुस्तफिजुर से क्या काम है? पॉलिटिक्स में क्या काम है मेरा? मुझे पता है वह एक अच्छा गेंदबाज है, ये सारी बातें पता हैं लेकिन जिस तरह आप सवाल कर रहे हो, ये मुझसे नहीं जुड़ा हुआ है।'
मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से निकाले जाने के बाद टी20 विश्व कप को लेकर नखरे दिखा रहे बांग्लादेश को अब भी उम्मीद है कि उसके मैच भारत से बाहर कराए जाएंगे। टी20 वर्ल्ड कप 2026 की अगले महीने से शुरुआत होने जा रही है। ये 7 फरवरी से 8 मार्च तक चलेगा। भारत और श्रीलंका इसकी मेजबानी कर रहे हैं। बांग्लादेश को कोलकाता में 3 और मुंबई में एक मैच खेलने हैं।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें



