ईशान किशन की '300' के धाकड़ क्लब में एंट्री, युवराज सिंह-अभिषेक शर्मा के साथ बनाई जगह
IND vs WI टी20 सीरीज का आखिरी मैच तो पूरा नहीं हो पाया, मगर ईशान किशन ने इस मैच में अपने बल्ले से खूब तबाही मचाई। उन्होंने 10 गेंदों में 30 रन बनाकर युवराज सिंह-अभिषेक शर्मा के 300 के धाकड़ क्लब में जगह बनाई।

भारत बनाम वेस्टइंडीज टी20 सीरीज का अंत जिस तरह होना चाहिए था, वैसा नहीं हो पाया। 5 मैच की इस टी20 सीरीज के चार मुकाबलों के बाद यह सीरीज 2-2 की बराबरी पर खड़ी थी। भारत के हर वार का जवाब वेस्टइंडीज दे रहा था। 5वें और आखिरी मैच में सीरीज रोमांचक मोड़ पर खड़ी थी, जो बेंगलुरु टी20 सीरीज जीतता वह सीरीज अपने नाम करता। हालांकि शायद इंद्रदेव को कुछ और मंजूर था। बारिश के कारण 5वां टी20 रद्द हो गया और सीरीज ड्रॉ रही। हालांकि बारिश के बीच 5वें टी20 में भारतीय टीम को कुछ ओवर बैटिंग करने का मौका मिला, जिसमें ईशान किशन ने तो तहलका मचा दिया। उन्होंने 10 गेंदों में 30 रनों की धुआंधार पारी खेली।
ईशान किशन की 300 के धाकड़ क्लब में एंट्री
ईशान किशन ने बेंगलुरु टी20 में 10 गेंदों में 3 चौकों और 2 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 30 रनों की छोटी मगर इंपैक्टफुल पारी खेली। इसी के साथ ईशान किशन का नाम युवराज सिंह और अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ियों के साथ जुड़ गया है। यह लिस्ट है भारत के लिए टी20 इनिंग में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से रन बनाने की। इस लिस्ट में उन बल्लेबाजों को शामिल किया गया है, जिन्होंने पारी में कम से कम 30 रन बनाए हो।
ईशान किशन 300 के क्लब में शामिल होने वाले 5वें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इस लिस्ट के टॉप पर पूर्व हरफनमौला युवराज सिंह हैं, जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 2007 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान 16 गेंदों पर 58 रनों की धुआंधार पारी खेली थी। यह वही पारी है, जिसमे युवी ने स्टुअर्ट ब्रॉड की 6 गेंदों पर लगातार 6 सिक्स लगाए थे। इस पारी के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 362.50 का रहा था। वहीं हार्दिक पांड्या दूसरे ऐसे भारतीय बल्लेबाज हैं, जिनका कम से कम 30 रन की पारी में स्ट्राइक रेट 350 से अधिक का रहा है। आयरलैंड के खिलाफ पांड्या ने 9 गेंदों पर 32 रन बनाए थे, इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 355.55 का था।
भारत के लिए एक T20I पारी में हाईएस्ट स्ट्राइक रेट (कम से कम 30 रन)
362.50 - युवराज सिंह बनाम इंग्लैंड (16 में 58)
355.55 - हार्दिक पांड्या बनाम आयरलैंड (9 में 32*)
344.44 - रिंकू सिंह बनाम ऑस्ट्रेलिया (9 में 31*)
340.00 - अभिषेक शर्मा बनाम न्यूजीलैंड (20 में 68*)
317.64 - अभिषेक शर्मा बनाम अफगानिस्तान (34 में 108)
300.00 - ईशान किशन बनाम वेस्टइंडीज (10 में 30)
नमन धीर इस क्लब में शामिल होने से चूके
वेस्टइंडीज के खिलाफ 5वें टी20 में नमन धीर ने भी गर्दा कम नहीं उड़ाया। उन्होंने 6 गेंदों पर 1 चौके और 3 गगनचुंबी छक्कों की मदद से नाबाद 24 रनों की धुआंधार पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 400 का रहा। अगर नमन धीर 6 रन और बना लेते तो वह भी इस क्लब में अपनी जगह बना लेते, क्या पता वह युवराज सिंह का रिकॉर्ड भी तोड़ देते। हालांकि बारिश की वजह से उनकी धुआंधार बैटिंग को बीच में ही रोकना पड़ा और फिर मैच ही रद्द हो गया।



