ईशान किशन के शतक ने बढ़ाया चयनकर्ताओं का सिरदर्द, वर्ल्ड कप 2027 में मौका मिलना फिर भी मुश्किल!! ये 2 है कारण
ईशान किशन पिछले कुछ समय से गजब की फॉर्म में चल रहे हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में शतक ठोक उन्होंने 2027 वर्ल्ड कप के लिए दांवेदारी पेश की है। हालांकि उन्हें जगह मिल पाना मुश्किल है।

ईशान किशन पिछले कुछ समय से गजब की फॉर्म में चल रहे हैं। फॉर्मेट-टूर्नामेंट चाहे कोई भी हो, उनके बल्ले से लगातार रन निकल रहे हैं। टी20 में अपनी जगह पक्की करने के बाद ईशान अब वनडे टीम में भी जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ जारी तीन मैच की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में उन्होंने शतक ठोक 2027 वर्ल्ड कप के लिए दांवेदारी पेश की है। उनके इस शतक ने जरूर चयनकर्ताओं के लिए भी सिरदर्द बढ़ा दिया है। अगर ईशान किशन लगातार ऐसे ही रन बनाते रहे तो उन्हें वर्ल्ड कप की प्लेइंग XI में चुनना ही होगा। लेकिन सवाल यह है कि वह आएंगे किसकी जगह। किशन को भारतीय प्लेइंग XI में जगह मिलना काफी मुश्किल है-
ओपनिंग में भी मौका मिलना मुश्किल
रोहित शर्मा और शुभमन गिल वनडे में भारतीय टीम के परमानेंट ओपनर हैं। इस सीरीज में ईशान किशन को मौका विराट कोहली के चोटिल होने की वजह से मिल रहा है। विराट को आईपीएल 2026 फाइनल के दौरान पैर में चोट लगी थी, जिस वजह से वह इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। टीम इंडिया ईशान किशन को मौका देने के लिए मुश्किल ही अपने ओपनिंग स्लॉट के साथ कोई छेड़छाड़ करना चाहेगी।
मिडिल ऑर्डर में जगह नहीं
शुभमन गिल ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में नंबर-3 पर बल्लेबाजी की थी। उनकी जगह यशस्वी जायसवाल को रोहित शर्मा के साथ पारी का आगाज करने का मौका मिला, हालांकि ये लेफ्टी बल्लेबाज इस मौके को नहीं भुना पाया। जब विराट कोहली टीम इंडिया में वापसी करेंगे तो गिल एक बार फिर अपने ओपनिंग स्पॉट पर पहुंच जाएंगे। वहीं मिडिल ऑर्डर पूरी तरह से पैक हो जाएगा। विराट कोहली के अलावा हार्दिक पांड्या को भी टीम में वापसी करनी है।
ऐसे में रोहित शर्मा, शुभमन गिल पारी का आगाज करेंगे। वहीं विराट कोहली, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल मिडिल ऑर्डर की भूमिका अदा करेंगे। फिनिशर के लिए हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ी टीम इंडिया के पास है। टॉप-5 में तो भारत के पास ईशान किशन के लिए कोई जगह नहीं है।
बतौर बैकअप खिलाड़ी ही मिल सकता है वर्ल्ड कप 2027 का टिकट
2023 वर्ल्ड कप की तरह ईशान किशन को जरूर बैकअप खिलाड़ी 2027 वर्ल्ड कप का टिकट मिल सकता है। वह विकेट कीपिंग में केएल राहुल के बैकअप ऑप्शन हो सकते हैं। वहीं टॉप-5 में अगर कोई खिलाड़ी चोटिल होता है या किसी की फॉर्म इधर-उधर हो जाती है तो ईशान किशन को मौका मिल सकता है। शुरुआती प्लेइंग XI में उनकी किसी तरह से कोई जगह नहीं बनती।
रोहित शर्मा की फॉर्म चिंता बढ़ सकती है
रोहित शर्मा की फॉर्म पर हर किसी की पैनी नजरें हैं, उन्हें अगले वर्ल्ड कप तक हर सीरीज आखिरी सीरीज समझकर खेलनी होगी। अगर रोहित की एक सीरीज फ्लॉप जाती है या फिर वह चोटिल होते हैं तो चयनकर्ता ईशान किशन को उनकी जगह प्लेइंग XI में घुसाने की सोचेंगे। ऐसे में हिटमैन के लिए वापसी करना मुश्किल हो जाएगा।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


