
ईश सोढ़ी ने T20I में कर दिया कमाल, सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तीसरे बॉलर बने
संक्षेप: ईश सोढ़ी टी20 इंटरनेशनल में सबसे अधिक विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी20 के दौरान ये कारनामा किया। सोढ़ी ने लिस्ट में रहमान को पीछे छोड़ा।
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के स्टार लेग स्पिनर ईश सोढ़ी ने रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले के दौरान एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान के रिकॉर्ड को तोड़ा। वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे मैच में ईस सोढ़ी ने बेहतरीन गेंदबाजी की और तीन विकेट चटकाए। जिसकी बदौलत न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को 9 रनों से हरा दिया। सोढ़ी को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। सोढ़ी न्यूजीलैंड के लिए सबसे अधिक टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलने वाले पुरुष खिलाड़ी हैं।

तीसरे टी20 से पहले सोढ़ी के नाम कुल 153 विकेट थे। उन्होंने तीन विकेट लेकर अपने विकेट की संख्या 156 पहुंचा दी। इसके साथ ही उन्होंने मुस्तफिजुर रहमान को भी लिस्ट में पीछे छोड़ा। रहमान ने 155 विकेट चटकाए हैं। राशिद खान इंटरनेशनल टी20 क्रिकेट (पुरुष) में अपना दबदबा बनाए रखे हुए हैं। वह 182 विकेट के साथ इस फॉर्मेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हुए हैं।
न्यूजीलैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज टिम साउदी लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। टिम साउदी ने 156 विकेट लिए हैं। बांग्लादेश के शाकिब अल हसन 149 विकेट के साथ पांचवें स्थान पर हैं। मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 177 रन का स्कोर खड़ा किया। फिर लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज ने 13वें ओवर में 88 रन पर आठ विकेट गंवा दिए थे जिससे लग रहा था कि न्यूजीलैंड आसानी से जीत जाएगा।
लेकिन रोमारियो शेफर्ड ने 34 गेंद में 49 और शमर स्प्रिंगर ने 20 गेंद में 39 रन बना दिए। जिससे वेस्टइंडीज को अंतिम ओवर में जीत के लिए 14 रन की दरकार थी। शेफर्ड और अकील होसेन क्रीज पर थे। आखिरी ओवर फेंकने की जिम्मेदारी फिर से लंबे कद के तेज गेंदबाज जैमीसन को दी गई। उन्होंने संयम से गेंदबाजी करते हुए पहली चार गेंद में सिर्फ दो रन दिए और पांचवीं गेंद पर शेफर्ड को आउट कर मैच खत्म कर दिया।
टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट
182 - राशिद खान
164 - टिम साउथी
156 - ईश सोढ़ी
155 - मुस्तफिजुर रहमान
149 - शाकिब अल हसन






