श्रेयस अय्यर की कप्तानी खतरे में? पूर्व कोच ने कहा ‘क्लैरिटी की जरूरत’
आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ मिली शर्मनाक हार के बाद क्या श्रेयस अय्यर की कप्तानी खतरे में है? इसका जवाब टीम इंडिया के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर ने दिया है। आईए जानते हैं उन्होंने क्या कहा।

आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ भारत को हाल ही में टी20 क्रिकेट में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। यह हार भारत को नए टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर की कप्तानी में मिली है। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि क्या इन हार के बाद उनकी कप्तानी खतरे में हैं? आयरलैंड के खिलाफ टीम इंडिया बड़े उलटफेर का शिकार बनी। उन्हें दो मैच की सीरीज में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। आयरलैंड ने इसी सीरीज में पहली बार भारत को किसी इंटरनेशनल मैच में हराया और फिर सीरीज पर भी कब्जा जमाया। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया को 0-4 से हार का सामना करना पड़ा। इन हार के साथ भारत से आईसीसी टी20 टीम रैंकिंग में नंबर-1 की कुर्सी भी छिन गई।
नायर ने JioHotstar के ‘मैच सेंटर लाइव’ पर कहा, "जब आप किसी को चैंपियन टीम से कप्तानी संभालने की जिम्मेदारी देते हैं, तो आप उसे अपनी टीम चुनने की आजादी भी देना चाहते हैं। पहली बार जब आप कप्तान बनते हैं, तो आपको यह कहने की आजादी नहीं मिलती कि, 'मैं टीम को यहां ले जाना चाहता हूं।' आप पहले टीम को संभालते हैं और फिर देखते हैं कि आपको इसके साथ क्या करना है।"
उन्होंने आगे कहा, "इन दो सीरीज के बाद, उसके पास सोचने, यह समझने का समय होगा कि उसे इस टीम से क्या चाहिए, उसे उनसे कैसे खेलने की जरूरत है और उसे सपोर्ट स्टाफ से क्या चाहिए। इसलिए, यह कहना गलत होगा कि एक कप्तान के तौर पर श्रेयस अय्यर का भविष्य खतरे में है।"
IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के मौजूदा हेड कोच नायर ने यह भी कहा कि अय्यर को सपोर्ट की ज़रूरत है और अगर इंडियन टीम जीत की राह पर लौटना चाहती है तो क्लैरिटी समय की जरूरत है।
नायर ने कहा, “यह सच में एक मुश्किल सीरीज रही है, और आप श्रेयस अय्यर पर उंगली उठा सकते हैं, लेकिन ज्यादा सही बात यह समझना है कि उन्हें इस टीम से क्या चाहिए। उन्हें यह महसूस करने का मौका दें कि यह उनकी टीम है, जैसा कि हैरी ब्रूक अभी करते हैं, बेन स्टोक्स ने इंग्लैंड टेस्ट टीम के साथ किया था, या रोहित शर्मा ने इंडिया के लिए किया था जब वह कैप्टन थे, या विराट कोहली ने किया था, खासकर टेस्ट टीम के साथ।
फिर उसे जज करने के लिए यह बेहतर जगह है। शुभमन गिल भी, जब वह पहली बार ODI कप्तान बने थे, तो उन्होंने शुरू में कुछ सीरीज नहीं जीती थीं। जैसे-जैसे आप अपनी जगह बनाते हैं, आप कॉन्फिडेंस बनाते हैं और वैसी टीम बनाते हैं जैसी आप सोचते हैं। अभी शुरुआती दिन हैं, कोई पैनिक बटन नहीं है, लेकिन यह क्लैरिटी होनी चाहिए कि यह टीम कहां जा रही है।"
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


