तो क्या खत्म हो गया मोहम्मद शमी का इंटरनेशनल करियर? टीम में चुना जाना तो दूर, नाम पर चर्चा तक नहीं हुई

Chandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

मोहम्मद शमी को अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए घोषित दोनों टीमों में से किसी में जगह नहीं मिली है। यहां तक कि चयन समिति की बैठक में उनके नाम पर चर्चा तक नहीं हुई। क्या ये 35 साल के तेज गेंदबाज के अंतरराष्ट्रीय करियर पर फुल स्टॉप का संकेत है?

तो क्या खत्म हो गया मोहम्मद शमी का इंटरनेशनल करियर? टीम में चुना जाना तो दूर, नाम पर चर्चा तक नहीं हुई

भारत के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को चयनकर्ताओं ने एक बार फिर नजरअंदाज किया है। उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट और तीन वनडे की सीरीज के लिए टीम में लेना तो दूर, चयन समिति की बैठक में उनके नाम पर चर्चा तक नहीं हुई। मंगलवार को मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर की अगुआई में राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की मीटिंग के बाद भारतीय स्क्वाड का ऐलान हुआ। मीटिंग के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अगरकर ने बताया कि शमी के नाम पर चर्चा नहीं हुई। ये तब हुआ जब एक और स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह को टेस्ट और वनडे दोनों के लिए आराम दिया गया था। इसके बाद भी शमी पर चयन समिति में चर्चा की गुंजाइश नहीं बनी।

मोहम्मद शमी लंबे वक्त से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन से वापसी की मजबूत दावेदारी पेश की थी। रणजी ट्रॉफी के पिछले सीजन में उनका विकेट पर विकेट चटकाना भी उन्हें टेस्ट टीम में जगह दिलाने में नाकाफी रहा।

शमी का 2025-26 के डोमेस्टिक सीजन में प्रदर्शन जबरदस्त रहा है। रणजी ट्रॉफी में उन्होंने महज 16.52 के औसत से 36 विकेट चटकाए। बंगाल की तरफ से जम्मू-कश्मीर के खिलाफ सेमीफाइनल में तो उन्होंने 90 रन देकर 8 विकेट चटकाए थे।

इसके अलावा शमी ने विजय हजारे ट्रॉफी में 15 और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 16 विकेट चटकाकर अपनी गेंदबाजी के दम और फिटनेस को दिखाया था। हालांकि आईपीएल 2026 में उनके प्रदर्शन को शानदार नहीं कहा जा सकता। वह लखनऊ सुपर जॉइंट्स की तरफ से इस सीजन में 12 मैचों में 10 विकेट लिए हैं।

मोहम्मद शमी सितंबर में 36 वर्ष के हो जाएंगे। डोमेस्टिक क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन भी अगर चयनकर्ताओं का ध्यान नहीं खींच रहा तो इसका सीधा सा मतलब है कि अब शमी का अंतरराष्ट्रीय करियर लगभग खत्म है। अगले साल वनडे वर्ल्ड कप भी होना है। अफगानिस्तान के खिलाफ टीम के ऐलान से तो यही संकेत मिल रहा है कि शमी न तो टेस्ट सेट अप का हिस्सा हैं और न ही वनडे सेट अप का।

इससे पहले पिछले साल ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए घोषित टीम में खुद को नहीं चुने जाने पर मोहम्मद शमी ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। टीम का ऐलान करते वक्त मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कहा था कि शमी को फिटनेस की वजह से नहीं चुना गया। उस पर तेज गेंदबाज ने तल्ख लहजे में जवाब दिया था। शमी ने कहा था कि अगर वह रणजी ट्रॉफी के लिए फिट हैं तो फिफ्टी-फिफ्टी ओवर का क्रिकेट भी खेल सकते हैं।

मोहम्मद शमी के करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 64 टेस्ट खेले हैं जिनमें उनके नाम 229 विकेट हैं। जून 2023 के बाद से उन्होंने भारत के लिए कोई भी टेस्ट नहीं खेला है।

शमी के नाम 108 ओडीआई में 206 विकेट दर्ज हैं। टी20 इंटरनेशनल की बात करें तो उन्होंने अब तक 25 मैच खेले हैं, जिनमें उनके नाम 27 विकेट हैं। शमी ने मार्च 2025 में अपना पिछला ओडीआई खेला है जबकि फरवरी 2025 के बाद से उन्होंने कोई टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है।

अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे के लिए भारतीय स्क्वाड

टेस्ट स्क्वाड

शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पड्डीकल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्ण, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे और ध्रुव जुरेल।

वनडे स्क्वाड

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्ण, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap in IPL 2026 और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले PBKS vs MI Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।