अभिषेक शर्मा से इंग्लैंड के खेमे में डर का माहौल? सैम करन ने कहा- उम्मीद करते हैं वह...
क्या भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा से आगामी सेमीफाइनल को लेकर इंग्लैंड का खेमा डरा हुआ है। ऑलराउंडर सैम करन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके बारे में कुछ बातें कही हैं। जानिए उन्होंने क्या कुछ कहा।

गुरुवार, 5 मार्च को भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के हाई-वोल्टेज सेमीफाइनल मुकाबले से पहले सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा खेलने के अंदाज ने विपक्षी खेमे में हलचल मचा दी है। इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन ने स्वीकार किया है कि अभिषेक की बल्लेबाजी टीम के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो सकती है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब करन को याद दिलाया गया कि पिछली बार अभिषेक ने इंग्लैंड के खिलाफ शानदार शतक जड़ा था, तो उन्होंने मजाकिया लेकिन सतर्क अंदाज में अपनी प्रतिक्रिया दी।
सैम करन ने अभिषेक शर्मा के खतरे को भांपते हुए कहा, "मैं उम्मीद करता हूं कि अभिषेक फिर से वैसी ही पारी न खेलें, लेकिन हम इस मैच के लिए बहुत अच्छी योजना बना चुके हैं।" करन के इस बयान से साफ है कि इंग्लैंड के गेंदबाज अभिषेक के खिलाफ विशेष रणनीति के साथ मैदान पर उतरेंगे। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इंग्लैंड की टीम किसी भी चुनौती से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा, "हम किसी भी चीज से डर नहीं रहे हैं और मुझे यकीन है कि दोनों टीमें गुरुवार रात की चुनौती के लिए वास्तव में उत्साहित हैं।"
वानखेड़े स्टेडियम की परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए करन ने एक हाई-स्कोरिंग मैच की भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा कि यह एक प्रतिष्ठित मैदान है जहां छोटा बाउंड्री और अच्छी विकेट बल्लेबाजों के लिए मददगार होती है। करन ने अपनी भूमिका के बारे में बताते हुए कहा, "अगर यह धीमी पिच हुई तो हम अपनी स्लोअर गेंदों का इस्तेमाल करेंगे और अगर ऐसा नहीं हुआ तो हम अपने अन्य कौशलों का उपयोग करेंगे।" उन्होंने यह भी माना कि अधिकांश इंग्लिश खिलाड़ी आईपीएल (IPL) में खेलने के कारण भारतीय परिस्थितियों और खिलाड़ियों से अच्छी तरह वाकिफ हैं, जिससे उन्हें तालमेल बिठाने में मदद मिलेगी।
करन ने मैच के दौरान दर्शकों के दबाव और शोर पर भी बात की। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि अगर स्टेडियम शांत रहता है, तो इसका मतलब होगा कि इंग्लैंड अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ भारत में ही सेमीफाइनल खेलना एक ऐसा अनुभव है जिसका सपना हर युवा क्रिकेटर देखता है। अब देखना यह होगा कि क्या भारतीय बल्लेबाजी क्रम, खासकर अभिषेक शर्मा, अपनी आक्रामकता बरकरार रखते हैं या इंग्लैंड की रणनीति उन पर भारी पड़ती है।
बता दें कि अभिषेक शर्मा के लिए अब तक यह टी-20 विश्व कप औसत गया है। उन्होंने अपने पहले तीन मुकाबलों में खाता नहीं खोला था उसके बाद 15 रनों की पारी खेली और फिर एक अर्धशतकीय पारी भी आई। हालांकि, वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी मुकाबले में भी उनका बल्ला खामोश रहा था। ऐसे में अब देखना होगा वे गुरुवार को होने वाले मुकाबले में क्या कमाल दिखाते हैं।




