
विराट कोहली को इरफान पठान ने दिया 'VCK' का नया नाम, बताया क्यों हैं इतने कंसिस्टेंट
विराट कोहली की तारीफ करते हुए इरफान पठान ने उन्हें 'विराट कंसिस्टेंट कोहली' यानी VCK का नाम दिया है। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर इसका तकनीकी विश्लेषण भी किया कि किंग कोहली इतने कंसिस्टेंट क्यों हैं।
पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने विराट कोहली की निरंतरता की जमकर तारीफ है। किंग कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में 93 रनों की जबरदस्त पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। वह शतक से चूक गए लेकिन वनडे फॉर्मेट में ये उनका लगातार 7वां फिफ्टी प्लस स्कोर था जिसमें 3 शतक भी शामिल हैं। इनमें 2 ओडीआई शतक हैं और 1 विजय हजारे ट्रॉफी में जड़ा शतक है। विराट कोहली की तारीफ करते हुए इरफान पठान ने उन्हें 'विराट कंसिस्टेंट कोहली' यानी VCK का नाम दिया है। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर इसका तकनीकी विश्लेषण भी किया कि किंग कोहली इतने कंसिस्टेंट क्यों हैं।
विराट कोहली ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 ओडीआई सीरीज के आखिरी मैच से लेकर अब तक 50 ओवरों के क्रिकेट में 7 लगातार फिफ्टी प्लस का स्कोर बना चुके हैं। इनमें 5 ओडीआई के फिफ्टी प्लस हैं जबकि 2 डोमेस्टिक क्रिकेट में फिफ्टी प्लस स्कोर शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे ओडीआई में विराट कोहली ने 74 रनों की नाबाद पारी खेली थी। उसके बाद दक्षिण के खिलाफ होमसीरीज के पहले ओडीआई में 135 रन, दूसरे में 102 रन और तीसरे में नाबाद 65 रन की पारी खेली थी। उसके बाद उन्होंने फिफ्टी-फिफ्टी ओवरों वाले डोमेस्टिक टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी में 131 और 77 रन का पारियां खेली। अब न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले ओडीआई में 93 रन बनाए हैं।
अपने यूट्यूब चैनल पर इरफान पठान ने कहा, 'विराट कोहली जिस तरह से बैटिंग कर रहे हैं, हम उन्हें 'विराट कंसिस्टेंट कोहली' कह सकते हैं। पिछली 7 पारियों में उन्होंने 3 शतक और 4 अर्धशतक जड़े हैं। पहले ओडीआई में वह बहुत मामूली अंतर से शतक से चूक गए और अब इंटरनेशनल क्रिकेट में 28 हजार रन पूरे कर लिए हैं। वह अब सिर्फ सचिन तेंदुलकर से ही पीछे हैं। कोहली की इसलिए तारीफ होनी चाहिए कि वह कैसे अपनी पारियों को पढ़ा रहे हैं और कैसे 37 की उम्र में नियमित तौर पर बाहर निकलकर बैटिंग कर रहे हैं।'
पठान ने विराट कोहली की निरंतरता के पीछे उनकी परफेक्ट टेक्निक को भी अहम फैक्टर बताया। उन्होंने कहा, 'जब कोई बल्लेबाज नियमित तौर पर स्टेप आउट करता है तब बहुत सारी चीजें गलत हो सकती हैं। लेकिन कोहली का हेड पोजिशन स्ट्रॉन्ग है और ये दिखाता है कि उनकी टेक्निक कितनी स्ट्रॉन्ग है। आपका कोर स्ट्रॉन्ग होना चाहिए तभी बैटर स्टेप आउट करके उस तरह के बड़े शॉट खेल सकता है। उन्होंने अपनी पहली 20 गेंदों पर 6 बाउंड्री जड़ी और उसके बाद अपना अप्रोच बदला।'
इरफान पठान ने कहा, 'शुरुआत में वह आक्रामक खेले लेकिन सेट होने के बाद अगली 50 गेंदों तक सिर्फ 1 बाउंड्री लगाई। उनके इस अप्रोच को देखना शानदार है और कैसे वह बेहतर हो रहा है। मुझे लगता है कि या चो 5 मैच की सीरीज होनी चाहिए या कोई त्रिकोणीय सीरीज होनी चाहिए ताकि हम कोहली को और ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाते हुए देख सकें।'






