आयरलैंड को लगा बड़ा झटका, टूटा 2027 वनडे वर्ल्ड कप डायरेक्ट क्वालिफाईंग का सपना
आयरलैंड वर्सेस अफगानिस्तान पहला वनडे बारिश की भेंट चढ़ा। इस मैच के धुलने के साथ आयरलैंड के 2027 वर्ल्ड कप के लिए डायरेक्ट क्वालीफाई करने की उम्मीदों पर भी पानी फिरा। अब उन्हें क्वालिफायर राउंड खेलना होगा।

आयरलैंड की 2027 ODI वर्ल्ड कप के लिए सीधे क्वालीफाई करने की उम्मीदें उस समय खत्म हुई, जब बुधवार 5 अगस्त को उनका पहला वनडे मुकाबले अफगानिस्तान के खिलाफ बारिश की भेंट चढ़ा। बता दें, आयरलैंड और अफगानिस्तान के बीच इस समय 5 वनडे मैच की सीरीज खेली जा रही है। पहला मुकाबला ब्रेडी क्रिकेट क्लब में होना था, हालांकि बारिश के कहर की वजह से वहां मैच तो छोड़िए टॉस भी नहीं हो पाया। आईसीसी वनडे रैंकिंग में 12वीं रैंक वाली आयरलैंड को 30 सितंबर की कट-ऑफ से पहले अफगानिस्तान को वनडे सीरीज में 5-0 से रौंदना था, इसके अलावा उन्हें दुआ करनी थी कि वेस्टइंडीज की टीम भारत से कम से कम 2 वनडे हारे। इन नतीजों से आयरलैंड की टीम वनडे रैंकिंग में जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान से ऊपर सीधे क्वालीफिकेशन की स्थिति में पहुंच सकती थी। हालांकि बारिश ने उनकी इस उम्मीदों पर पानी फेर दिया। आयरलैंड और अफगानिस्तान के बीच दूसरा वनडे 7 अगस्त को खेला जाना है।
आयरलैंड को खेलना होगा 2027 वर्ल्ड कप क्वालीफायर्स
आयरलैंड को अब 10 टीमों वाले वर्ल्ड कप क्वालिफआयर में हिस्सा लेना होगा, अगर यहां आयरलैंड की टीम चैंपियन बनती है तो ही उसे वर्ल्ड कप के मेन ग्रुप में डायरेक्ट एंट्री मिलेगी।
बता दें, इस बार वनडे वर्ल्ड कप के फॉर्मेट में थोड़े बदलाव हुए हैं। क्वालिफायर जीतने वाली टीम को वर्ल्ड कप के मेन ग्रुप में डायरेक्ट एंट्री मिलेगी। क्वालिफायर में दूसरे, तीसरे और चौथे नंबर पर रहने वाली टीमें वर्ल्ड कप के पहले राउंड में खेलेंगी, जिसे सुपर सीरीज कहते हैं, जिसमें टॉप टीम मेन, 12-टीम स्टेज के लिए क्वालिफाई करेगी।
10-टीम क्वालिफायर में 30 सितंबर, 2026 तक ODI रैंकिंग में सबसे नीचे के दो फुल मेंबर (होस्ट साउथ अफ्रीका और ज़िम्बाब्वे को छोड़कर); CWC लीग 2 की टॉप चार टीमें; और वर्ल्ड कप क्वालिफायर प्लेऑफ की टॉप चार टीमें शामिल हैं।
इस प्लेऑफ में CWC लीग 2 की सबसे नीचे की चार टीमों के साथ चैलेंज लीग (असल में क्रिकेट का तीसरा डिवीजन) की चार टीमें हिस्सा लेंगी। फॉर्मेट अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन इस आठ-टीम प्लेऑफ की टॉप चार टीमें वर्ल्ड कप क्वालिफायर में आगे बढ़ेंगी।
चैलेंज लीग में 12 टीमें होंगी जिन्हें छह-छह के दो पूल में बांटा जाएगा और हर टीम इस साइकिल में तीन राउंड-रॉबिन टूर्नामेंट खेलेगी। हर पूल से टॉप दो टीमें वर्ल्ड कप क्वालिफायर प्लेऑफ में जाएंगी।
बता दें, आयरलैंड 2023 ODI वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहा था, और उस एडिशन के क्वालिफायर के सुपर सिक्स स्टेज में बाहर हो गया था।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


