भारत को ऐतिहासिक हार थमाते ही आयरलैंड के कोच ने दिया इस्तीफा, 30 साल बाद हुआ ऐसा
Ireland Head Coach Heinrich Malan: आयरलैंड के हेड कोच हेनरिक मलान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मालन का कॉन्ट्रैक्ट 2027 तक था। वह साल 2022 में टीम से जुड़े थे।

भारत को ऐतिहासिक हार थमाने के बाद आयरलैंड के हेड कोच हेनरिक मलान ने चौंकाने वाला फैसला किया है। उन्होंने अगले दिन अपने पद से इस्तीफा दे दिया। आयरलैंड ने रविवार को भारत का दो मैचों की टी20 सीरीज में सूपड़ा साफ किया। आयरलैंड ने पहली बार किसी भी फॉर्मेट में भारत से सीरीज जीती। वहीं, आयरलैंड क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि मलान का टीम से नाता टूट गया है। उनका कॉन्ट्रैक्ट 2027 तक था। वह साल 2022 में आयरलैंड टीम से जुड़े थे। मलान का मानना है कि इंडिया सीरीज खत्म होने के साथ पद छोड़ने से नए कोच को टीम के साथ तालमेल बिठाने के लिए जरूर वक्त मिल जाएगा। गैरी विल्सन को आयरलैंड पुरुष टीम का नया हेड कोच नियुक्त गया है।
मलान ने इस्तीफे के बाद क्या कहा?
आयरलैंड को अगस्त में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज खेलनी है। आयरलैंड टीम की 2027 की शुरुआत में होने वाले 50 ओवर वर्ल्ड कप क्वालिफायर की दमदार तैयारी पर नजर है। 45 वर्षीय मलान के कार्यकाल में आयरलैंड ने कई सफलता का स्वाद चखा। टीम ने लगातार तीन टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई किया। आयरलैंड ने 2022 टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को धूल चटाई थी। उनके कार्यकाल में आयरलैंड ने तीन टेस्ट मैच जीते और इंटरनेशनल लेवल के खिलाड़ियों का एक बड़े पूल तैयार किया। मलान ने इस्तीफे का बाद कहा, ''आयरलैंड प्लेयर्स, स्टाफ और बड़ी आयरिश क्रिकेट कम्युनिटी के साथ काम करना मेरे लिए बहुत खुशी की बात रही। मेरे परिवार और मेरा यहां रहने का बहुत अच्छा अनुभव रहा। हम आयरिश क्रिकेट में बिताए अपने समय को बहुत प्यार से याद करेंगे।''
आयरलैंड में 30 साल बाद हुआ ऐसा
उन्होंने आगे कहा, ''हम मेलबर्न में इंग्लैंड के खिलाफ अपनी ऐतिहासिक टी20 वर्ल्ड कप जीत, अबू धाबी में अफगानिस्तान के खिलाफ अपनी पहली टेस्ट जीत, बेलफास्ट में जिम्बाब्वे के खिलाफ पहली घरेलू टेस्ट जीत, भारत के खिलाफ घर पर ऐतिहासिक सीरीज जीत और पाकिस्तान, वेस्टइंडीज, साउथ अफ्रीका को हराने के साथ-साथ दुनिया की टॉप टीमों को चुनौती देने और हराने की हमारी क्षमता के जरिए टी20 वर्ल्ड कप के लिए सीधे क्वालिफाई करने को बहुत गर्व के साथ याद कर सकते हैं। हमारे साझा विजन पर विश्वास करने के लिए प्लेयर्स, कोच और स्टाफ का धन्यवाद। यह एक बहुत ही खास सफर रहा।'' बता दें कि गैरी विल्सन 30 साल से भी ज्यादा समय बाद आयरलैंड पुरुष टीम के पहले आयरिश मूल के हेड कोच हैं। उनसे पहले जॉन विल्स थे।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



