आयरलैंड ने ओमान को 96 रनों से धोया, टी20 विश्व कप में टकर शतक से चूके
विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत आयरलैंड ने शनिवार टी20 विश्वकप के 22वें मुकाबले में ओमान को 96 रनों से हराया।

कप्तान लोरकान टकर के 51 गेंद में 94 रन की मदद से आयरलैंड ने टी20 विश्व कप के ग्रुप बी के एकतरफा मैच में शनिवार को ओमान को 96 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर आयरलैंड ने पांच विकेट पर 235 रन बनाये। टकर ने अपनी पारी में दस चौके और चार छक्के लगाये और उनकी पारी के दम पर आयरलैंड ने तीन विकेट पर 47 से उबरते हुए इस टूर्नामेंट का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। जवाब में ओमान की टीम 18 ओवर में 139 रन पर आउट हो गई । आमिर कलीम ने 50 और हमाद मिर्जा ने 46 रन बनाये। ओमान के आठ बल्लेबाज दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच सके। आयरलैंड के लिये जोश लिटिल ने चार ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट लिये । मैथ्यू हंफ्रेस और बैरी मैकार्थी को दो दो विकेट मिले।
इस जीत के बावजूद आयरलैंड चौथे स्थान पर है जबकि श्रीलंका, जिम्बाब्वे और आस्ट्रेलिया शीर्ष तीन स्थानों पर हैं। इससे पहले गेंदबाजी चुनते हुए ओमान ने पावरप्ले के छह में से पांच ओवर स्पिनरों से कराये। इसका फायदा भी मिला जब 38 वर्ष के शकील ने तीन ओवरों में तीन विकेट लेकर आयरलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 47 रन कर दिया।
उन्होंने पहले ओवर में टिम टेक्टर को आउट किया जिसके बाद रोस एडेयर का विकेट लिया । एडेयर ने शाह फैसल को तीन चौके लगाकर अच्छी शुरूआत की थी लेकिन टिक नहीं सके । पांचवें ओवर में शकील ने हैरी टेक्टर को भी पवेलियन भेजा । टूर्नामेंट में सबसे उम्रदराज खिलाड़ी 44 वर्ष के अनुभवी आमिर कलीम ने कुर्टिस कैम्फर का विकेट लिया ।
इसके बाद हालांकि टकर ने एक छोर संभालकर आयरलैंड की पारी को संभाला । आयरलैंड के कप्तान ने अपनी पारी में दस चौके और चार छक्के लगाये । उन्होंने जेरेथ डेलानी (56) के साथ 56 गेंद में 101 रन की साझेदारी की । इसके बाद जॉर्ज डॉकरेल (35) के साथ 19 गेंद में 70 रन जोड़े । डॉकरेल ने नौ गेंद की पारी में पांच छक्के जड़े । आयरलैंड ने आखिरी चार ओवरों में 86 रन बनाये ।
टकर को पारी की शुरूआत में जीवनदान मिला था जिसका पूरा फायदा उठाते हुए उन्होंने कलीम को चौका लगाकर 35 गेंद में अर्धशतक पूरा किया । डेलानी ने 15वें ओवर में जितेन रामानंदी को दो छक्के लगाकर 18 रन निकाले । उन्होंने 28 गेंद में अर्धशतक पूरा किया लेकिन 17वें ओवर में शाह फैसल का शिकार हुए । टकर ने मोहम्मद नदीम को तीन छक्के और दो चौके लगाकर एक ओवर में 26 रन निकाले । पारी के 19वें ओवर में डॉकरेल ने दो छक्के लगाकर 21 रन बनाये । उन्होंने आखिरी तीन गेंदों पर भी छक्के लगाकर टीम को इस टूर्नामेंट के सबसे बड़े स्कोर तक पहुंचाया ।
लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी



