यशस्वी जायसवाल ने उड़ाए मुंबई इंडियंस के परखच्चे, राजस्थान रॉयल्स ने IPL 2026 में लगाई जीत की हैट्रिक
राजस्थान रॉयल्स (RR) ने आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ धमाकेदार जीत दर्ज की। राजस्थान ने बारिश से प्रभावित मैच में मुंबई को 151 रनों का टारगेट दिया था। यशस्वी जायसवाल प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

रियान पराग की अगुवाई वाली राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने आईपीएल 2026 में जीत की हैट्रिक लगा दी है। आरआर ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बाद अब मुंबई इंडियंस (एमआई) को शिकस्त दी। आरआर ने मंगलवार को बारिश से बारिश से प्रभावित मैच में मुंबई को 27 रनों से रौंदा। मैच 11-11 ओवर का कर दिया गया था। आरआर ने यशस्वी जायसवाल की तूफानी अर्धशतकीय पारी की बदौलत गुवाहाटी के बरासापारा स्टेडियम में 151 रनों का टारगेट दिया। जवाब में एमआई 9 विकेट खोने के बाद 123 रन ही जुटा सकी। इस जीत के साथ आरआर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। उसके खाते में तीन मैचों में 6 अंक हो गए हैं। एमआई लगातार दो हार के बाद सातवें स्थान पर खिसक गई है। उसके तीन मैचों में सिर्फ दो अंक हैं।
46 पर MI की आधी टीम पवेलियन लौटी
लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज रयान रिकेल्टन (8) पहले ओवर में पवेलियन लौट गए। उन्हें जोफ्रा आर्चर ने विकेट के पीछ ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया। सूर्यकुमार यादव (5) दूसरे ओवर में नांद्रे बर्गर का शिकार बने। संदीप शर्मा ने तीसरे ओवर में रोहित शर्मा (6) को एलबीडब्ल्यू आउट किया। स्पिनर रवि बिश्नोई ने पांचवें ओवर में एमआई को डबल झटका दिया। उन्होंने कप्तान हार्दिक पांड्या (9) और तिलक वर्मा (14) को अपने जाल में फंसाया। मुंबई की आदी टीम 46 रन पर पवेलियन लौट गई थी। ऐसे में नमन धीर और शेरफेन रदरफोर्ड ने मोर्चा संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 47 रन जोड़े और मुंबई को 100 की दहलीज पर पहुंचाया। रदरफोर्ड को आठवें ओवर में तुषार देशपांडे ने आउट किया। उन्होंने 8 गेंदों में दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 25 रन बटोरे। नमन ने 13 गेंदों में 25 रन जुटाए, जिसमें तीन चौके और एक सिक्स है। उन्हें बर्गर ने नौवें ओवर में पवेलियन भेजा। शार्दुल ठाकुर ने 8 और ट्रेंट बोल्ट ने एक रन बनाया। दीपक चाहर 6 और जसप्रीत बुमराह 5 रन बनाकर नाबाद रहे।
जायसवाल ने 32 गेंदों में मचाया धमाल
इससे पहले, यशस्वी जायसवाल के धमाकेदार अर्धशतक से राजस्थान ने मुंबईके खिलाफ तीन विकेट पर 150 रन बनाए। जायसवाल ने 32 गेंद में चार छक्कों और 10 चौकों से नाबाद 77 रन की पारी खेलने के अलावा वैभव सूर्यवंशी (39 रन, 14 गेंद, पांच छक्के, एक चौके) के साथ पांच ओवर में 80 रन जोड़कर आरआर को तूफानी शुरुआत दिलाई। मुंबई की ओर से स्पिनर अल्लाह गजनफर सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 21 रन देकर दो विकेट चटकाए। शार्दुल ठाकुर ने भी 36 रन देकर एक विकेट चटकाए। मुंबई ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। बारिश के कारण मुकाबला दो घंटे और 40 मिनट के विलंब से शुरू किया जिसके कारण इसे 11 ओवर का कर दिया गया।
पावरप्ले में 50 के पार पहुंची आरआर
जासयवाल और सूर्यवंशी ने रॉयल्स को तूफानी शुरुआत दिलाते हुए 3.2 ओवर के पावरप्ले में बिना विकेट खोए 59 रन जोड़े। जायसवाल ने दीपक चाहर के पहले ही ओवर में चार चौकों और एक छक्के से 22 रन जोड़े जबकि सूर्यवंशी ने अगले ओवर में जसप्रीत बुमराह पर दो छक्के मारे। जायसवाल ने तीसरे ओवर में ट्रेंट बोल्ट पर तीन छक्कों से 22 रन जुटाकर टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया। सूर्यवंशी ने पांचवें ओवर में शार्दुल ठाकुर पर दो छक्के और एक चौका मारा लेकिन अंतिम गेंद पर डीप कवर बाउंड्री पर तिलक वर्मा को कैच दे बैठे। गजनफर ने ध्रुव जुरेल (2) को एलबीडब्ल्यू करके आरआर को दूसरा झटका दिया। जायसवाल ने पांड्या पर चौके के साथ 23 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। कप्तान रियान (20) ने पांड्या और गजनफर पर छक्के मारे लेकिन फिर इस स्पिनर की गेंद पर तिलक के हाथों लपके गए। जायसवाल ने पारी के अंतिम ओवर में शार्दुल पर तीन चौकों के साथ टीम का स्कोर 150 रन तक पहुंचाया। शिमरोन हेटमायर 6 रन बनाकर नाबाद रहे। जायसवाल वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। (एजेंसी इनपुट के साथ)
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



