यॉर्कर और स्विंग पर खूब किया काम; मौका मिला तो GT पर कहर बनकर टूटे अश्विनी कुमार ने क्या कहा?

Chandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, अहमदाबाद, भाषा
share

मुंबई इंडियंस के युवा तेज गेंदबाज अश्वनी कुमार ने कहा कि उन्होंने यॉर्कर और स्विंग पर काफी कड़ी मेहनत की है। उन्होंने धैर्यपूर्वक मौके का इंतजार किया जिसका फायदा उन्हें गुजरात टाइटन्स के खिलाफ आईपीएल मैच में मिला। उन्होंने सिर्फ 24 रन देकर 4 विकेट झटके।

यॉर्कर और स्विंग पर खूब किया काम; मौका मिला तो GT पर कहर बनकर टूटे अश्विनी कुमार ने क्या कहा?

मुंबई इंडियंस के युवा तेज गेंदबाज अश्वनी कुमार ने कहा कि उन्होंने यॉर्कर और स्विंग पर काफी कड़ी मेहनत की है। उन्होंने धैर्यपूर्वक मौके का इंतजार किया जिसका फायदा उन्हें गुजरात टाइटन्स के खिलाफ आईपीएल मैच में मिला।

तिलक वर्मा की 45 गेंदों पर नाबाद 101 रन की पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने पांच विकेट पर 199 रन बनाए। इसके बाद मौजूदा सत्र का अपना पहला मैच खेल रहे अश्वनी ने 24 रन देकर 4 विकेट लिए और गुजरात टाइटन्स को 15.5 ओवर में 100 रन पर आउट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

इस 24 वर्षीय खिलाड़ी ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘मैं यॉर्कर और स्विंग पर काम कर रहा था। मैं बस मौके का इंतजार कर रहा था। मुझे जब भी मौका मिलता, मैं अच्छा प्रदर्शन करता। अन्यथा मैं मंदिर जाता था। मैं बस यही कर रहा था।’

उन्होंने कहा, ‘मैंने विकेट की परिस्थितियों के अनुसार गेंदबाजी की। हमने कप्तान से इस बारे में चर्चा की और अपनी रणनीति पर अच्छी तरह से अमल करने की कोशिश की।’

अश्वनी ने कहा, ‘यह काली मिट्टी की पिच है, इसलिए हमें पता था कि गेंद थोड़ी नीची रहेगी। पहली पारी में गेंद थोड़ा स्विंग हो रही थी। इसलिए हमारी रणनीति सही लेंथ पर गेंद डालना और पिच की परिस्थिति के अनुसार गेंदबाजी करना था।’

इस जीत से मुंबई इंडियंस का लगातार चार मैचों में हार का सिलसिला खत्म हो गया और वह अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गया है।

अश्वनी ने कहा, ‘हम अपनी गलतियों पर गौर कर रहे थे और कोच की सलाह का पालन कर रहे थे। हारने के बावजूद हमारा मनोबल कम नहीं हुआ था। उस दौर में भी टीम बेहद सकारात्मक बनी रही।’

सोमवार को हुए मैच की बात करें तो अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। मुंबई की तरफ से क्विंटन डिकॉक और दानिश मालेवर ने पारी की शुरुआत की। स्कोरबोर्ड पर अभी 10 रन ही थे कि दानिश 2 रन बनाकर दूसरे ही ओवर में आउट हो गए। उसके बाद चौथे ओवर में क्विंटन डिकॉक भी 13 रन बनाकर चलते बने। इस झटके से संभलते तब तक 44 के टीम स्कोर पर सूर्यकुमार यादव भी आउट हो गए। तब मुंबई संकट में थी और वहां से तिलक वर्मा और नमन धीर ने उसकी पारी को संभाला।

नमन धीर 32 गेंदों में 6 चौकों और 1 छक्के की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुए। तिलक वर्मा शुरुआत में संभलकर खेले लेकिन एक बार जब आंख जम गई तब उन्होंने खूंखार रूप अख्तियार कर लिया। वर्मा ने 45 गेंदों में 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से नाबाद 101 रन बनाए। मुंबई ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 199 रन का स्कोर खड़ा किया।

जवाब में गुजरात टाइटंस की पूरी टीम 16वें ओवर में ही 100 रन पर सिमट गई। मुंबई इंडियंस की तरफ से इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेले अश्वनी कुमार ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। गजनफर और मिचेल सैंटनर को 2-2 सफलाएं मिली। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने 1-1 विकेट झटके।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।