IPL में धाकड़ ट्रैक रिकॉर्ड, फिर श्रेयस अय्यर को कप्तान के तौर पर क्यों नहीं मिलता उतना क्रेडिट? आकाश चोपड़ा ने बताया

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

श्रेयस अय्यर आईपीएल इतिहास के इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने अपनी कप्तानी में 3 अलग-अलग टीमों को फाइनल में पहुंचाया है। इसके बाद भी उनकी कप्तानी को वो क्रेडिट नहीं मिलता, जो मिलना चाहिए। आकाश चोपड़ा ने इसकी वजह बताई है और साथ में ये भी बताया है कि उन्हें कब उनकी कप्तानी का वाजिब श्रेय मिलने लगेगा।

Shreyas Iyer

श्रेयस अय्यर धाकड़ खिलाड़ी हैं। आईपीएल में उनका रिकॉर्ड भी धाकड़ है और कप्तान के तौर पर तो सरपंच साहब का कोई जवाब ही नहीं है। वह आईपीएल इतिहास के इकलौते शख्स ने जिन्होंने अपनी अगुआई में तीन अलग-अलग टीमों को फाइनल में पहुंचाया है। इसके बाद भी उनकी कप्तानी, उनकी लीडरशिप को वो क्रेडिट नहीं मिलता, जितना मिलना चाहिए। आखिर इसकी वजह क्या है? दिल्ली कैपिटल्स और केकेआर को अपनी कप्तानी में ऊंचाइयों पर पहुंचाने के बाद श्रेयस अय्यर का इन टीमों से नाता क्यों टूटा? आखिर उन्हें उनकी नेतृत्व क्षमता के लिए वाजिब क्रेडिट कब मिलेगा? जियोस्टार के 'आईपीएल टुडे लाइव' में ऐसे ही तमाम सवालों का विश्लेषण किया जियोस्टार एक्सपर्ट्स आकाश चोपड़ा और इरफान पठान ने।

कप्तानी का वाजिब श्रेय नहीं मिलने का चोपड़ा ने बताए कारण

जियोस्टार के 'आईपीएल टुडे लाइव' कार्यक्रम में आकाश चोपड़ा ने उन कारणों को गिनाया और विश्लेषण किया कि क्यों अय्यर को उनकी कप्तानी का वाजिब श्रेय नहीं मिलता। अय्यर को 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स को बतौर कप्तान आईपीएल चैंपियन बनाने के लिए पर्याप्त श्रेय नहीं मिलने को लेकर आकाश चोपड़ा ने कहा, ‘मुझे लगता है कि एक लीडर के तौर पर उनका योगदान उन लोगों के नैरेटिव के बीच में हल्का हो गया जो टीम का हिस्सा नहीं हैं। केकेआर और श्रेयस अय्यर के साथ दो चीजें हुईं। वह एक ऐसे सेटअप में था जहां कोच भी बहुत मजबूत और एक लोकप्रिय हस्ती थे। महेंद्र सिंह धोनी या रोहित शर्मा या यहां तक कि आरसीबी में विराट कोहली के साथ भी ऐसा नहीं था क्योंकि वहां टीम से बाहर कोई उनसे ज्यादा कद्दावर शख्स नहीं था।’

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

चोपड़ा ने आगे कहा, 'यहां आपके पास गौतम गंभीर थे, एक बहुत ही सफल खिलाड़ी और एक बहुत अच्छे मेंटॉर। बाकी एमएस, रोहित और कोहली लंबे समय तक भारतीय टीम के भी कप्तान रह चुके हैं और बहुत ही सफल कप्तान रहे हैं। उन्हें थाली में सजाकर श्रेय दिया गया। श्रेयस के मामले में देखें तो वह भारतीय टीम के कप्तान नहीं हैं। लेकिन वह अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं तो उन्हें श्रेय मिल रहा है।'

आकाश चोपड़ा ने बताया कब मिलने लगेगा अय्यर को वाजिब श्रेय

आकाश चोपड़ा ने साथ में यह भी बताया कि श्रेयस अय्यर को कब उनकी कप्तानी का उचित श्रेय मिलने लगेगा। उन्होंने कहा, ‘अगर आपको लगता है कि वह एक और ट्रॉफी जीत लें तो हर कोई अचानक बदल जाएगा और हर कोई उनके लिए तालियां बजाएगा तो ऐसा नहीं हो सकता है। तारीफें थोड़ी ज्यादा मिल सकती हैं लेकिन रातों-रात औरा नहीं बदल जाएगा। ऐसा सिर्फ एक सूरत में ही हो सकता है।’

वह स्थिति क्या है, उसके बारे में आकाश चोपड़ा ने कहा, 'अगला टी20 विश्व कप 2028 में है। मैं यह नहीं कह रहा कि भारत की टी20 लीडरशिप तत्काल बदल जाएगी लेकिन अगले कुछ सालों में इसकी गुंजाइश है। अगर श्रेयस अय्यर भारतीय टीम की कप्तानी के मजबूत दावेदार बन जाते हैं, वह रन बनाते हैं और टीम को प्लेऑफ, फाइनल या ट्रॉफी जितवाते हैं और किसी तरह निकट भविष्य में टीम इंडिया के टी20 कैप्टन बन जाते हैं, चाहें 12 महीने में या अगले वर्ल्ड कप तब सब कुछ बदल जाएगा। वह भारत के लिए विश्व कप विजेता कप्तान भी बन सकते हैं और तब उनका औरा अलग ही होगा। तब उन्हें किसी से किसी तरह के एन्डॉर्समेंट की जरूरत नहीं होगी।'

दिल्ली कैपिटल्स ने क्यों छोड़ा था श्रेयस अय्यर का साथ?

आकाश चोपड़ा ने साथ में यह भी बताया कि दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2021 के बाद श्रेयस अय्यर को क्यों रीटेन नहीं किया। उन्होंने कहा, ‘सीजन के बीच में ही श्रेयस अय्यर इंजर्ड हो गए थे और ये उनके और ऋषभ पंत के साथ हमेशा से होता आया है, जिन पर दिल्ली ने अपना निवेश किया था। ऐसी स्थिति में आपको किसी अन्य को कप्तानी देनी पड़ती है।’

चोपड़ा ने आगे कहा, 'फ्रेंचाइजी के लिए क्या सही है, उसे ज्यादा तवज्जो दिया जाता है कि वनिस्पत कि खिलाड़ी के लिए क्या सही है। अगर आप दोनों में से किसी को रोक सकते हैं या दोनों ही कप्तान बनना चाहते थे, ये सब जानकारी तो हमारे पास नहीं है लेकिन उनकी निश्चित तौर पर बातचीत हुई होगी और फ्रेंचाइजी को लगा होगा कि ऋषभ ज्यादा जरूरी है। ऋषभ को पहले ही कप्तानी दी जा चुकी थी, इसलिए उन्होंने उसे ही कप्तान बनाए रखा। श्रेयस अय्यर को लगा होगा कि अगर वह फ्रेंचाइजी में हैं तो उन्हें कप्तानी मिलनी चाहिए। इसलिए वह दूसरी फ्रेंचाइजी में चले गए और वहां अच्छा प्रदर्शन किया। कभी कभी चीजें आपके नियंत्रण से बाहर होती हैं और शायद दिल्ली कैपिटल्स से श्रेयस अय्यर के अलग होने के मामले में भी यही हुआ।'

श्रेयस अय्यर के नाम आईपीएल की तीन अलग-अलग टीमों को अपनी कप्तानी में फाइनल में पहुंचाने का रिकॉर्ड है। आज तक किसी अन्य कप्तान ने ये कारनामा नहीं किया है। अय्यर ने 2020 के आईपीएल सीजन में दिल्ली कैपिटल्स को फाइनल में पहुंचाया था। पहली बार टीम ने फाइनल खेला लेकिन खिताब से चूक गई। उसके बाद 2024 में अय्यर ने अपनी कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स को फाइनल में पहुंचाया और केकेआर तीसरी बार आईपीएल चैंपियन बनी। पिछले साल पंजाब किंग्स 11 साल बाद आईपीएल फाइनल में पहुंची और ये कारनामा श्रेयस अय्यर के ही नेतृत्व में हुआ। हालांकि पंजाब की टीम फाइनल में आरसीबी से हार गई।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़आईपीएल 2026 (IPL 2026)श्रेयस अय्यर को उनकी कप्तानी का वाजिब श्रेय कब मिलेगा? आकाश चोपड़ा ने बताया