क्या LSG के खिलाफ RR के 'करो या मरो' मैच में खेलेंगे रविंद्र जडेजा या वर्कलोड मैनेजमेंट की वजह से रहेंगे बाहर?
राजस्थान रॉयल्स को अगर आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंचना है तो उसे लीग चरण में अपने बाकी दोनों मैच जीतने ही होंगे। 19 मई को उसका लखनऊ सुपर जॉइंट्स से मुकाबला है, जो उसके लिए मस्ट विन मैच है। क्या राजस्थान रॉयल्स के इस 'करो या मरो' मैच में रविंद्र जडेजा खेलेंगे? वह दिल्ली के खिलाफ नहीं खेले थे।

राजस्थान रॉयल्स को अगर आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंचना है तो उसे लीग चरण में अपने बाकी दोनों मैच जीतने ही होंगे। 19 मई को उसका लखनऊ सुपर जॉइंट्स से मुकाबला है, जो उसके लिए मस्ट विन मैच है। क्या राजस्थान रॉयल्स के इस 'करो या मरो' मैच में स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा खेलेंगे? सवाल इसलिए कि रॉयल्स के पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ वह नजर नहीं आए थे। कप्तान रियान पराग ने इसकी वजह 'वर्कलोड मैनेजमेंट' बताई थी। उनके घुटने में चोट लगी थी।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में जडेजा की गैरमौजूदगी पर कप्तान रियान पराग ने ज्यादा डीटेल नहीं दिया था कि उनकी स्थिति फिलहाल कैसी है? कब तक फिट होंगे? आगे के मैच खेलने की स्थिति में हैं या नहीं?
हालांकि बाद में राजस्थान रॉयल्स के बैटिंग कोच विक्रम राठौर ने तमाम अगर-मगर को दफन करते हुए बताया कि जडेजा को एहतियातन आराम दिया गया था। उनके घुटने में थोड़ी परेशानी थी लेकिन कोई गंभीर चिंता वाली बात नहीं थी।
विक्रम राठौर ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था, ‘उनके घुटने में सिर्फ थोड़ी सी दिक्कत थी। उन्हें लगा कि अगर हम उन्हें एक और मैच के लिए आराम देते हैं तो वह उनके लिए अच्छा होगा। यही वजह थी कि उन्हें आराम दिया गया। उन्हें बस थोड़ी सी दिक्कत थी।’
ऐसे में लखनऊ सुपर जॉइंट्स के खिलाफ महत्वपूर्ण मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स रविंद्र जडेजा को उतारेगी। उन्हें ऐसे ही मौके के लिए तो आराम दिया गया था।
राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 में अब तक 12 मैच खेले हैं। इनमें से 6 में उसे जीत मिली है और 6 में हार। 12 अंकों के साथ टीम पॉइंट्स टेबल में पांचवें पायदान पर है। अगर उसे प्लेऑफ में पहुंचना है तो उसे लखनऊ सुपर जॉइंट्स के खिलाफ मंगलवार का ये मुकाबला तो जीतना ही होगा, उसके बाद मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में भी जीत हासिल करनी होगी।
राजस्थान रॉयल्स ने लगातार 4 जीत के साथ इस सीजन की शानदार शुरुआत की थी लेकिन अपने पांचवें मैच में उसे सनराइजर्स हैदराबाद से हार मिली। उसके अगले ही मैच में केकेआर ने भी उसे शिकस्त दे दी। बाद में लखनऊ सुपर जॉइंट्स को उसने हराया लेकिन एसआरएच के हाथों उसे एक और हार झेलनी पड़ी। रॉयल्स ने फिर पंजाब किंग्स को हराया लेकिन उसके बाद उसे लगातार हार मिली है।
राजस्थान रॉयल्स को अपने पिछले तीन मैचों में शिकस्त झेलनी पड़ी है। दिल्ली कैपिटल्स ने इस बीच उसे दो बार हराया और गुजरात टाइटन्स ने भी उसे शिकस्त दी।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



