लगातार 4 मैच हारने पर क्या पंजाब किंग्स की टीम में होंगे बड़े बदलाव? स्पिन कोच साइराज बहुतुले का जवाब जानिए

Chandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, भाषा
Follow us on Google News
share

पंजाब किंग्स के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले का कहना है कि लगातार चौथा मैच हारने के बावजूद टीम में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह स्वीकार किया कि महत्वपूर्ण मौकों पर खराब फील्डिंग विशेषकर कैच लेने में नाकामी बड़ी चिंता का विषय है।

लगातार 4 मैच हारने पर क्या पंजाब किंग्स की टीम में होंगे बड़े बदलाव? स्पिन कोच साइराज बहुतुले का जवाब जानिए

पंजाब किंग्स के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले का कहना है कि लगातार चौथा मैच हारने के बावजूद टीम में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह स्वीकार किया कि महत्वपूर्ण मौकों पर खराब फील्डिंग विशेषकर कैच लेने में नाकामी बड़ी चिंता का विषय है।

पंजाब किंग्स ने लीग के शुरुआती चरण में लगातार छह मैच जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया था, लेकिन श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम का प्रदर्शन उसके बाद खराब रहा और वह लगातार चार मैच हार चुकी है। खराब फील्डिंग के कारण उसे नुकसान उठाना पड़ा है। पंजाब ने पिछले दो मैचों में पांच कैच छोड़े हैं।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

बहुतुले ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘दुर्भाग्य से आज हमने महत्वपूर्ण अवसरों पर कुछ कैच छोड़ दिए। हम इस पर विचार करेंगे, लेकिन फिलहाल हमारे पास इस बारे में ज्यादा सोचने का समय नहीं है।’

उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि टीम ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। निश्चित रूप से हम कुछ मैच हार गए हैं। हम कुछ खास क्षेत्रों पर ही फिर से विचार करेंगे। टीम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, क्योंकि सभी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।’

दिल्ली कैपिटल्स के हाथों तीन विकेट की हार के दौरान पंजाब ने दो कैच छोड़े, जिनमें से एक अक्षर पटेल का था, जिन्होंने इसका फायदा उठाकर अर्धशतक बनाया।

बहुतुले ने कहा, ‘अहम मौके पर हमसे एक कैच छूट गया, जिससे हमारी लय टूट गई। अगर हमने वह दो कैच ले लिए होते तो शायद वे लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाते। हम इस पर गौर करेंगे और देखेंगे कि हम कैसे स्थिति को अपने पक्ष में मोड़ सकते हैं।’

उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि इस मैच से सबक लेना बहुत महत्वपूर्ण है। हमने जो भी गलतियां की हैं, उनमें से कुछ अनावश्यक थीं।’

एक समय तालिका में शीर्ष पर रहने वाली पंजाब टीम अब 11 मैचों में 13 अंकों के साथ चौथे स्थान पर खिसक गई है।

मैच की बात करें तो सोमवार को धर्मशाला में पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद 59 रन की पारी खेली। प्रियांश आर्य 56 और कूपर कोनोली ने 38 रन बनाए। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से माधव तिवारी और मिचेल स्टार्क ने 2-2 विकेट झटके। एक सफलता मुकेश कुमार के हाथ लगी।

दिल्ली कैपिटल्स ने 1 ओवर बाकी रहते ही 3 विकेट से मैच जीत लिया। कप्तान अक्षर पटेल ने 51 और ट्रिस्टन स्टब्स ने 56 रन बनाए। माधव तिवारी ने बल्ले से भी अहम योगदान दिया और 8 गेंदों में नाबाद 18 रन बनाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।