हेनरिक क्लासेन क्या इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास वापस लेंगे? SRH स्टार ने खुद बताया

Chandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर हेनरिक क्लासेन ने आईपीएल 2026 में गुरुवार को शानदार अर्धशतक जड़ा। 34 साल के क्लासेन ने पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था। क्या आगे वह संन्यास वापस ले सकते हैं? नीतीश कुमार रेड्डी के साथ बातचीत में क्लासेन ने इसका स्पष्ट जवाब दिया।

हेनरिक क्लासेन क्या इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास वापस लेंगे? SRH स्टार ने खुद बताया

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर हेनरिक क्लासेन ने आईपीएल 2026 में गुरुवार को शानदार अर्धशतक जड़ा। सनराइजर्स हैदराबाद के इस स्टार बल्लेबाज ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में 52 रन की शानदार पारी खेली। पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने वाले इस दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर ने दिखा दिया कि अभी भी उनमें क्रिकेट बाकी है। रनों की भूख बाकी है। लेकिन क्या वह रिटायरमेंट का फैसला वापस ले सकते हैं? क्लासेन से यही सवाल पूछा एसआरएच के उनके टीममेट नीतीश कुमार रेड्डी ने।

आईपीएल के सोशल मीडिया हैंडल से शेयर किए गए एक वीडियो में हेनरिक क्लासेन ने नीतीश कुमार रेड्डी से कहा कि कुछ समय के लिए उन्होंने रिटायरमेंट वापस लेने के बारे में सोचा था लेकिन आखिरकार उन्होंने फैसला किया कि नहीं, ऐसा नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि परिवार की प्राथमिकताओं के लिए वह संन्यास वापस नहीं लेगें। हालांकि उन्होंने साथ में यह भी कहा कि वह अपने साथी खिलाड़ियों के साथ नहीं खेल पाने को काफी मिस करते हैं। खासकर 2026 के टी20 विश्व कप के दौरान उन्होंने काफी मिस किया।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

हेनरिक क्लासेन ने 2025 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के हर प्रारूप से संन्यास ले लिया था। क्लासेन ने कहा, ‘करीब दो हफ्ते तक काफी मुश्किल रहा। उसके बाद हमने इसके खिलाफ (रिटायरमेंट वापस लेने) फैसला लिया। साफ तौर पर इसमें मेरे परिवार ने बड़ी भूमिका निभाई। मैंने विश्व कप के दौरान अपने दोस्तों को काफी मिस किया। इतना मिस किया कि मैं वापसी चाहता था। मैंने ऐडन (मारक्रम) से बात भी की...लेकिन विश्व कप के बाद मैंने महसूस किया कि यह नहीं होने वाला है। इसलिए मैं वापस नहीं आ रहा हूं।’

34 साल के क्लासेन 2025 के चैंपियंस ट्रॉफी में आखिरी बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते हुए दिखे थे। टूर्नामेंट में उनकी टीम दक्षिण अफ्रीका को सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के हाथों 50 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी थी।

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में क्लासेन ने शानदार फिफ्टी जड़ी थी। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड अर्धशतक से चूक गए थे लेकिन दोनों ने आतिशी पारियां खेली। बाद में सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों ने जयदेव उदानकत की अगुआई में शानदार प्रदर्शन करते हुए केकेआर की पारी को सिर्फ 161 रन पर समेट दिया था। उदानकत ने 3, नीतीश कुमार रेड्डी और एशान मलिंगा ने 2-2 विकेट हासिल किए। हर्ष दुबे को एक सफलता मिली थी।

एसआरएच ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 226 रन बनाए थे। क्लासेन ने 35 गेंद में 52 रन की पारी खेली। अभिषेक शर्मा ने 21 गेंद में 48 और ट्रेविस हेड ने 21 गेंद में 46 रन बनाए। नीतीश कुमार रेड्डी ने भी 24 गेंद में 39 रन का योगदान दिया। जवाब में फिन एलन ने केकेआर को तेज शुरुआत दिलाई लेकिन उनकी आतिशी पारी सिर्फ 7 गेंद की रही। एलन ने 7 गेंद में 28 रन ठोके थे। अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंद में 52 रन की तेजतर्रार पारी खेली। हालांकि केकेआर की पारी 16 ओवर तक ही चल पाई। सनराइजर्स हैदराबाद ने यह मैच 65 रन से जीत लिया।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।