IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स को किन गलतियों का भुगतना पड़ा खामियाजा? कोच बदानी ने सब गिनाया

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, भाषा
Follow us on Google News
share

दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच हेमांग बदानी ने स्वीकार किया कि उनकी टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इस पूरे सत्र में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रही और उसे महत्वपूर्ण मैचों में अहम मौकों का फायदा न उठाने की कीमत चुकानी पड़ी।

Hemang Badani

दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच हेमांग बदानी ने स्वीकार किया कि उनकी टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इस पूरे सत्र में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रही और उसे महत्वपूर्ण मैचों में अहम मौकों का फायदा न उठाने की कीमत चुकानी पड़ी।

दिल्ली ने आईपीएल के मौजूदा सत्र में सात जीत और सात हार के साथ छठा स्थान हासिल किया और लगातार पांचवें साल प्लेऑफ में जगह बनाने से नाकाम रही।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

दिल्ली को गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर एक रन से हार का सामना करना पड़ा था जबकि पंजाब किंग्स के खिलाफ वह अपने 264 रन के विशाल स्कोर का बचाव नहीं कर पाया था।

बदानी ने रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीत के बाद पत्रकारों से कहा, ‘ऐसे कई मैच थे जिनमें मुझे सचमुच लगा कि नतीजा किसी भी तरफ जा सकता है। हम उन मौकों का फायदा नहीं उठा पाए।’

उन्होंने कहा, ‘गुजरात के खिलाफ मैच हम एक रन से हार गए थे। पंजाब के खिलाफ 264 रन का स्कोर ऐसा था जिसका आसानी से बचाव किया जा सकता था। यहां तक ​​कि सीएसके (चेन्नई सुपर किंग्स) के खिलाफ भी हमने कुछ कैच छोड़े थे। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ भी हमने मैच के महत्वपूर्ण मोड़ पर कुछ कैच छोड़े थे।’

बल्लेबाजी में दिल्ली की टीम ने लगातार विकेट गंवाने के कारण नुकसान झेला जबकि गेंदबाजी में भी उसका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा।

बदानी ने कहा, ‘बल्लेबाजी करते हुए भी हम कई बार अपने विकेट बचा नहीं पाए। अगर आप आंकड़े देखें तो पाएंगे कि हमने एक साथ कई विकेट गंवाए हैं। अगर गेंदबाजी की बात करें तो हमने बहुत कम विकेट लिए। मुझे लगता है कि टूर्नामेंट में विकेट लेने के मामले में हम सबसे निचले स्थान पर हैं।’

बदानी ने कहा, ‘मुझे लगता है कि यही वजह है कि हम 14 अंक ही हासिल कर पाए। हम इससे बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे।’

दिल्ली कैपिटल्स ने रविवार को अपने आखिरी लीग मैच में जीत के साथ आईपीएल 2026 के अपने सफर को खत्म किया। उसने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 203 रन बनाए थे। जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम 18.4 ओवर में 163 रन पर सिमट गई। इस तरह दिल्ली ने ये मैच 40 रन के अंतर से जीत लिया। दिल्ली कैपिटल्स के स्पिनर कुलदीप यादव ने 29 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दिल्ली कैपिटल्स पॉइंट्स टेबल में छठे पादान पर रही। उसने अपने 14 मैचों में 7 में जीत हासिल की और इतने ही मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा। टीम ने लगातार 2 जीत के साथ आईपीएल 2026 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की थी लेकिन वह अपने प्रदर्शन में निरंतरता नहीं रख पाई।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।