SRH को शुरुआती लड़खड़ाहट से उबरने के लिए क्या करना होगा? क्लासेन ने बताया इलाज

Apr 07, 2026 03:35 pm ISTChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, भाषा
share

आईपीएल 2026 के शुरुआती मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद लड़खड़ा रही है। पहले मैच में उसे आरसीबी और तीसरे मैच में एलएसजी से हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि एसआरएच ने अपने दूसरे मैच को केकेआर को हराया था। टीम के बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन को उम्मीद है कि टीम इस लड़खड़ाहट से उबर जाएगी।

SRH को शुरुआती लड़खड़ाहट से उबरने के लिए क्या करना होगा? क्लासेन ने बताया इलाज

दक्षिण अफ्रीका के आक्रामक बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने उम्मीद जताई कि सनराइजर्स हैदराबाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के वर्तमान सत्र में अच्छी शुरुआत नहीं करने के बावजूद आगे खेल के सभी विभागों में अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहेगा।

सनराइजर्स को अपने पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा था लेकिन इसके बाद उसने कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रन से हराया। पिछले मैच में हालांकि उसे लखनऊ सुपर जायंट्स ने पांच विकेट से करारी शिकस्त दी।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

'जहां बल्लेबाज नहीं चले, वहां हारे'

क्लासेन ने जिओ हॉटस्टार से कहा, ‘हमारी बल्लेबाजी अब तक ठीकठाक रही है, लेकिन हमने तीन मैचों में लगभग 40 रन कम बनाए। हमें बल्लेबाजी में और सुधार करने की जरूरत है। जिन दो मैचों में हमें संघर्ष करना पड़ा, उनमें हमने बल्ले से अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। हमारे गेंदबाजों विशेषकर तेज गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। हमें 220-230 रन बनाने होंगे ताकि हमारे गेंदबाजों को लक्ष्य का बचाव करने का मौका मिल सके।’

'फील्डिंग में सुधार की जरूरत'

उन्होंने कहा, ‘हमारी फील्डिंग अच्छी नहीं रही है और इससे हमारा प्रदर्शन प्रभावित हुआ है। मैं अभी तक हमें 10 में से छह अंक दूंगा। हमने कुछ चरणों में शानदार क्रिकेट खेली लेकिन खेल के महत्वपूर्ण मौकों पर चूक गए।’

क्लासेन ने कहा, ‘हमारे गेंदबाजों ने रणनीति के अनुसार गेंदबाजी की है लेकिन हमारी फील्डिंग में सुधार की जरूरत है। हमें कैच लेने होंगे। हमें खेल के तीनों विभाग में सुधार करके अपनी लय बनानी होगी।’

क्लासेन ने पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया था और अब केवल फ्रेंचाइजी लीग में ही खेल रहे हैं। उन्होंने पिछले दो मैचों में अर्धशतक बनाए और वह अपनी फॉर्म से खुश हैं।

उन्होंने कहा, ‘दुर्भाग्यवश हम दो मैच हार गए, लेकिन व्यक्तिगत तौर पर मेरे लिए यह अच्छी शुरुआत रही है। यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि मैं इन दिनों ज्यादा क्रिकेट नहीं खेल रहा हूं। मैं अपनी इस फॉर्म को बरकरार रखना चाहूंगा।’

क्लासेन को रास आ रहा नंबर 4 पर बल्लेबाजी

वह बल्लेबाजी क्रम में चौथे नंबर पर अपनी भूमिका और जिम्मेदारियों का भी आनंद ले रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘यह (नंबर चार पर बल्लेबाजी करना) की भूमिका मैंने अपने पूरे करियर में निभाई है। इसमें आपको परिस्थितियों के अनुसार ढलना पड़ता है। टीम में मेरी भूमिका यह है कि अगर (ईशान) किशन, अभिषेक (शर्मा) और ट्रैविस हेड अच्छा प्रदर्शन कर रहे हो तब भी मैं अपना स्वाभाविक खेल खेलता रहूं। प्रत्येक मैच में अलग परिस्थितियां होंगी और मुझे बस उनके अनुसार ढलना होगा।’

सनराइजर्स अपना अगला मैच शनिवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ में खेलेगा।

क्लासेन ने स्वीकार किया कि सनराइजर्स को पैट कमिंस की कमी खल रही है, जो अपनी पीठ की चोट का स्कैन कराने के लिए स्वदेश लौट गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘पैट की कमी बहुत खल रही है। उनके पास बहुत अनुभव है लेकिन ईशान कप्तानी की भूमिका अच्छी तरह से निभा रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि यह कोई चिंता का विषय है। हमारी टीम अच्छी स्थिति में है।’

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।