ऋषभ पंत ने ऐसा क्या कह दिया कि प्रजेंटर इयान बिशप को मांगनी पड़ गई माफी? यूं संभाला
आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी लखनऊ सुपर जॉइंट्स को मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स के हाथों 7 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी। मैच हारने के बाद प्रजेंटेशन के दौरान एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत ने कुछ ऐसा कह दिया, जिसके बाद प्रजेंटर इयान बिशप को बात संभालनी पड़ी और उन्हें माफी मांगनी पड़ी।

आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी लखनऊ सुपर जॉइंट्स को मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स के हाथों 7 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी। मैच हारने के बाद प्रजेंटेशन के दौरान एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत ने कुछ ऐसा कह दिया, जिसके बाद प्रजेंटर इयान बिशप को बात संभालनी पड़ी और उन्हें माफी मांगनी पड़ी। दरअसल पंत ने लाइव इंटरव्यू के दौरान 'F' वर्ड का इस्तेमाल कर दिया, जिसके बाद तत्काल बिशप ने इसके लिए माफी मांगी।
राजस्थान रॉयल्स से हार के बाद भी ऋषभ पंत ने अपने खिलाड़ियों और टीम का मजबूती से समर्थन किया। उन्होंने कहा, ‘हमें टीम पर गर्व है, भले ही स्थितियां चाहें जैसी हों। टेबल में हम चाहें जैसे हों, हम एक कॉन्फिडेंट टीम हैं। यह हमारे हिसाब से नहीं हुआ और ये बात हर कोई जानता है। लेकिन इससे ये सच नहीं बदलता कि हम एक फ... गुड टीम हैं।’
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पांच विकेट पर 220 रन बनाने के बावजूद लखनऊ सुपर जॉइंट्स को 7 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी। पंत ने कहा कि उनकी टीम बेहतर शुरुआत के बाद आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने में नाकाम रही।
राजस्थान रॉयल्स ने वैभव सूर्यवंशी की 38 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी के दम पर 19.1 ओवर में तीन विकेट पर 225 रन बनाकर शानदार जीत दर्ज की।
पंत ने मैच के बाद प्रसारकों से कहा, 'इसे कई तरीकों से देखा जा सकता है। बीच के ओवरों में और आखिरी ओवर में जिस तरह जोफ्रा आर्चर ने गेंदबाजी की वह बेहद शानदार थी। लेकिन इस तरह की बल्लेबाजी पिच पर जब आपको इतनी अच्छी शुरुआत मिले तो पांच-दस रन और बनाने चाहिए थे। आखिरी ओवरों में हम उस शुरुआत का पूरा फायदा नहीं उठा सके।'
उन्होंने बल्लेबाजों के लिए मददगार पिच पर लक्ष्य बचाने की चुनौती को लेकर कहा, ‘यह निश्चित तौर पर मुश्किल होता है, क्योंकि आप हमेशा अपने गेंदबाजों का समर्थन करना चाहते हैं, लेकिन कई बार हालात कठिन हो जाते हैं। ऐसी विकेट पर गेंदबाजों के पास गलती की गुंजाइश बहुत कम होती है। बहुत ज्यादा सलाह देना भी काम नहीं करता। ऐसे में योजना को सरल रखना, हर गेंद पर ध्यान देना और उसे सही तरीके से लागू करना जरूरी होता है।’
एलएसजी को इस मैच में अनुभवी मोहम्मद शमी की कमी खली और पंत ने अनुभव की अहमियत पर जोर देते हुए कहा, 'चाहे हालात अच्छे हों या बुरे अनुभव ऐसी चीज है जिसकी कमी हमेशा महसूस होती है। अनुभव रातों-रात हासिल नहीं होता, इसके लिए वर्षों की मेहनत लगती है। दबाव वाले मुकाबलों में यही चीज आपको दूसरों से आगे रखती है।'
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



