विराट कोहली का दिमाग चाचा चौधरी से भी तेज चलता है, आम खिलाड़ी को ऐसा करने में 10 साल लगेंगे- वीरेंद्र सहवाग
वीरेंद्र सहवाग ने विराट कोहली को लेकर कहा कि चेज करते हुए विराट कोहली का दिमाग चाचा चौधरी से भी तेज चलता है। वो ज्यादातर रिस्क फ्री बैटिंग करते हैं। जो वो रिस्क लेते हैं वो बाद में लेते हैं, जब उन्हें लगता है कि अब मेरी टीम को जरूरत है कि मैं रिस्क लेकर बड़े बड़े शॉट्स लगाऊं, मैच खत्म करके जाऊं।

विराट कोहली ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शतक जड़ रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है। उन्होंने टी20 क्रिकेट में 14000 रन का आंकड़ा पार किया। वहीं इससे पहले आईपीएल में वह 9000 रन का आंकड़ा भी पार कर चुके हैं, इनमें से 4000 से अधिक रन उन्होंने चेज करते हुए बनाए हैं। केकेआर के खिलाफ रनचेज के दौरान कोहली की पारी के फैन पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा एक्सपर्ट वीरेंद्र सहवाग भी हो गए। सहवाग ने कहा कि कोहली का दिमाग चेज करते हुए चाचा चौधरी से भी तेज चलता है। वहीं उन्होंने चेज करते हुए 4000 से ज्यादा रन बनाए हैं, एक आम खिलाड़ी को ऐसा करने में 10 साल से भी ज्यादा का समय लग जाएगा।
वीरेंद्र सहवाग ने क्रिकबज से कहा, "चेज करते हुए विराट कोहली का दिमाग चाचा चौधरी से भी तेज चलता है। वो ज्यादातर रिस्क फ्री बैटिंग करते हैं। जो वो रिस्क लेते हैं वो बाद में लेते हैं, जब उन्हें लगता है कि अब मेरी टीम को जरूरत है कि मैं रिस्क लेकर बड़े बड़े शॉट्स लगाऊं, मैच खत्म करके जाऊं। तब वह रिस्क लेते हैं। ये देखकर मजा आता है।
और क्या कहूं मैं विराट कोहली के लिए, मेरे पास शब्द ही नहीं है। हर चीज तो कह चुके हैं हम उनके लिए। जीनियस, गोट, लीजेंड...सब उनको बोल चुके हैं। इससे बढ़कर क्या बोलें।
चेज करते हुए उन्होंने 4000 रन बना लिए हैं, किसी आम खिलाड़ी को ऐसा करने में 10 साल लगेंगे। वो उनके कुल स्कोर का आधा है, आईपीएल में उनके 9000 से ज्यादा रन है। अगर आप आईपीएल के प्लेयरों की लिस्ट उठाओगे ना, तो बहुत सारे इतने प्लेयर हैं जिनके 4000 रन नहीं बने होंगे। कोहली ने इतने रन चेज करते हुए बनाए हैं। ये कमाल का आंकड़ा है।"
कैसा रहा RCB vs KKR मैच?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) विराट कोहली (नाबाद 105 रन) के नौंवे आईपीएल शतक की मदद से कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को छह विकेट से शिकस्त देकर तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई। पिछले दो मैच में शून्य पर आउट होने वाले कोहली ने 23 रन पर मिले जीवनदान का फायदा उठाते हुए 60 गेंद में 11 चौके और तीन छक्के जड़ित नाबाद शतकीय पारी खेली जिससे आरसीबी ने पांच गेंद रहते चार विकेट पर 194 रन बनाकर सत्र की आठवीं जीत दर्ज की।
कोहली और देवदत्त पडीक्कल (27 गेंद में 37 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 92 रन की अहम साझेदारी निभाई। केकेआर ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद अंगकृष रघुवंशी (71 रन) की करियर की सर्वश्रेष्ठ अर्धशतकीय पारी और रिंकू सिंह के नाबाद 49 रन की मदद से चार विकेट पर 192 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
इस जीत से आरसीबी 12 मैच में 16 अंक लेकर शीर्ष पर पहुंच गई जबकि केकेआर 11 मैच में नौ अंक से आठवें स्थान पर बरकरार है।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



