मुझे यह बात अंदर से खाए जा रही थी…विराट कोहली ने तोड़ी चुप्पी, बताया क्यों नहीं मनाया शतक का जश्न?
विराट कोहली ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपने आईपीएल करियर का 9वां शतक जड़ा। हालांकि उन्होंने इस शतक को पूरा करने के बाद कोई खास जश्न नहीं मनाया। मैच के बाद कोहली ने खुलकर बताया उन्होंने ऐसा क्यों नहीं किया।

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत की हीरो रहे विराट कोहली ने अपने 9वें आईपीएल शतक का जश्न नहीं मनाया। कोहली जिस अंदाज में शतक का जश्न मनाने के लिए जाने जाते हैं उन्होंने वैसा कुछ नहीं किया। बस शतक पूरा होने के बाद उन्होंने अपना बैट उठाया और फैंस का अभिनंदन किया। उन्होंने अपना हेलमेट तक नहीं उतारा। चेज मास्टर विराट कोहली का इतना फीका सेलिब्रेशन देख हर कोई हैरान था। कोहली को फैंस एग्रेसिव सेलिब्रेशन के लिए जानते हैं और फैंस शतक पूरा होने के बाद उनसे वैसे ही कुछ सेलिब्रेशन की उम्मीद कर रहे थे। मैच के बाद विराट कोहली ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ी है और बताया है कि उन्होंने ऐसा क्यों किया।
विराट कोहली ने मैच के बाद बताया, "खैर, जश्न बहुत बड़ा नहीं था क्योंकि हम जानते हैं कि इस समय पॉइंट्स कितने जरूरी हैं। और हां, देखिए, मेरे लिए, यह एक जान-बूझकर की गई कोशिश है कि मैं टीम के स्कोर में कुछ योगदान दे सकूं। और मुझे पता है कि अगर मैं मैच में काफी देर तक बैटिंग करता हूं, तो हमारे जीतने के मौके बढ़ जाते हैं।
इसलिए, पिछले दो मैचों में मुझे ज्यादा रन न मिल पाना, यह बात मुझे अंदर से खाए जा रही थी, क्योंकि मुझे पता था कि मैं अच्छा खेल सकता हूं और गेंद को अच्छे से हिट कर रहा हूं। लेकिन जब आप अपनी पारी को आगे नहीं बढ़ा पाते और आपको पता होता है कि आपने टीम के लिए कोई खास असर नहीं डाला है, तो यह बात आपको परेशान करती है।
क्योंकि इतने सालों से मेरा मूल लक्ष्य यही रहा है—खुद को बेहतर बनाना, ताकि जब मैं मैदान पर उतरूं तो अपनी टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकूं और एक अहम भूमिका निभा सकूं।
तो हां, शतक बने या न बने, मुझे लगता है कि ज्यादा जरूरी बात यह है कि मैच को फिनिश किया जाए—यह पक्का किया जाए कि मैं आखिर तक मैदान पर डटा रहूं ताकि वे दो पॉइंट्स हासिल किए जा सकें, जो एक बार फिर हमें पॉइंट्स टेबल में सबसे ऊपर पहुंचा देंगे।"
कैसा रहा RCB vs KKR मैच?
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने अंगकृश रघुवंशी के अर्धशतक और रिंकू सिंह की 49 रनों की तूफानी पारी के दम पर 192 रन बोर्ड पर लगाए। इस स्कोर का पीछा करने उतरी आरसीबी की टीम ने टारगेट को 5 गेंदें और 6 विकेट रहते हासिल कर लिया। कोहली बेंगलुरु की जीत के नायक रहे जिन्होंने 105 रनों की नाबाद पारी खेली। उनके बाद टीम के हाईएस्ट स्कोरर देवदत्त पडिक्कल रहे, जिन्होंने 39 रन बनाए। आरसीबी इस जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में पहले पायदान पर पहुंच गया है।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



