विराट कोहली ने तोड़ डाला रोहित शर्मा का रिकॉर्ड, IPL में एक टीम के खिलाफ बनाए सबसे ज्यादा रन
विराट कोहली ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 28 रन की पारी के दौरान एक बड़ा रिकॉर्ड फिर से अपने नाम कर लिया। आरसीबी के स्टार बल्लेबाज कोहली ने 'हिटमैन' रोहित शर्मा को पछाड़ा है।

आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच खेले गए हाई वोल्टेज मैच में जमकर रनों की बारिश हुई। डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी ने बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी में 250/3 का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। जवाब में सीएसके दो गेंद बाकी रहते 207 रनों पर ढेर हो गई। आरसीबी ने 43 रनों से धमाकेदार जीत दर्ज की। आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने 18 गेंदों में 28 रनों की छोटी पारी खेली लेकिन एक बड़ा फिर रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह आईपीएल में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर बन गए हैं। कोहली ने मुंबई इंडियंस (एमआई) के धाकड़ बल्लेबाज रोहित शर्मा का रिकॉर्ड़ ध्वस्त कर दिया है।
कोहली ने 10 दिन के भीतर रिकॉर्ड छीना
दरअसल, कोहली सीएसके के खिलाफ 36 मैचों में 1174 रन बटोर चुके हैं, जिसमें 37.87 का औसत रहा। उनका चेन्नई के विरुद्ध हाईएस्ट स्कोर नाबाद 90 है। वहीं, 'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के सामने 36 मुकाबलों में 1161 रन जुटाए हैं। उनका औसत 40.03 का है। रोहित का केकेआर के खिलाफ सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर नाबाद 109 रन है। रोहित ने आईपीएल के मौजूदा सीजन में केकेआर के विरुद्ध 78 रनों की पारी खेली थी और तब कोहली को पछाड़ा था। हालांकि, कोहली ने 10 दिन के भीतर ही रोहित से आईपीएल में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड छीन लिया। कोहली तीन टीमों के खिलाफ 1100 प्लस रन बनाने वाले इकलौते प्लेयर हैं।
IPL में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
1174 - विराट कोहली बनाम चेन्नई सुपर किंग्स
1161 - रोहित शर्मा बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स
1159 - विराट कोहली बनाम पंजाब किंग्स
1134 - डेविड वॉर्नर बनाम पंजाब किंग्स
1130 - विराट कोहली बनाम दिल्ली कैपिटल्स
1093 - डेविड वॉर्नर बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स
1092 - रोहित शर्मा बनाम दिल्ली कैपिटल्स
1057 - शिखर धवन बनाम चेन्नई सुपर किंग्स
1021 - विराट कोहली बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स
डेविड और पडिक्कल की तूफानी पिफ्टी
आरसीबी ने टिम डेविड (25 गेंदों में नाबाद 70, तीन चौके, आठ छक्के), देवदत्त पडिक्कल (29 गेंद में 50, पांच चौके, दो छक्के) के अर्धशतकों के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से सीएसके को करारी शिकस्त दी। आरसीबी ने डेविड और पडिक्कल के अलावा कप्तान रजत पाटीदार की नाबाद 48 रन और फिल सॉल्ट की 46 रन की पारी से विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान पाटीदार की 19 गेंद की पारी में एक चौका और छह छक्के जड़े थे। सॉल्ट ने 30 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके और दो छक्के जमाए। जवाब में सीएसके की टीम शीर्ष क्रम के चरमराने से उबर नहीं सकी और सरफराज खान के 50 रन के बावजूद 19.4 ओवर में 207 रन पर सिमट गई। उसके लिए सरफराज के अलावा प्रशांत वीर ने 43 रन और जेमी ओवरटन ने 37 रन बनाए।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



