
आईपीएल 2026: बेंगलुरु में नहीं खेलेंगे विराट कोहली और आरसीबी, बदलेगा होम वेन्यू
आरसीबी ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल 2026 के अपने मैचों को कराने को लेकर कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन से कोई चर्चा नहीं की है। ऐसे में आरसीबी के होम मैच बेंगलुरु से बाहर हो सकते हैं और उसके लिए रायपुर शीर्ष दावेदार है। इंदौर भी रेस में है।
आरसीबी के लिए बेंगलुरु का एम चिन्नास्वामी स्टेडियम होमग्राउंड था लेकिन अबकी बार टीम शायद ही यहां खेले। बेंगलुरु के दर्शक अपने शहर में अपने पसंदीदा स्टार विराट कोहली को शायद ही खेलते देख पाएं। वजह है पिछले साल पहली बार आरसीबी के आईपीएल चैंपियन बनने पर स्टेडियम में हुए जश्न के दौरान मची भगदड़। उसमें 11 लोगों की मौत हुई थी और कई अन्य घायल हुए थे। आरसीबी और खिलाड़ी पिछले साल के उस दर्दनाक अनुभव से शायद अभी तक उबर नहीं पाए हैं। एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक आरसीबी आईपीएल 2026 के अपने होम मैचेज को बेंगलुरु में कराने की इच्छुक नहीं है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि आरसीबी ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल 2026 के अपने मैचों को कराने को लेकर कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन से कोई चर्चा नहीं की है। ऐसे में आरसीबी के होम मैच बेंगलुरु से बाहर हो सकते हैं और उसके लिए रायपुर शीर्ष दावेदार है। इंदौर भी रेस में है।
पिछले महीने विजय हजारे ट्रॉफी में विराट कोहली की डोमेस्टिक टीम दिल्ली और आंध्र प्रदेश के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच होना था लेकिन ऐन वक्त पर वेन्यू बदल दिया गया था।
पिछले साल मची भगदड़ के बाद आरसीबी को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। रिपोर्ट के मुताबिक आरसीबी की सोशल मीडिया टीम को इंस्टाग्राम पर किए जा रहे लाइव स्ट्रीम के दौरान कॉमेंट सेक्शन में भगदड़ की जानकारी दी गई, लेकिन उन्होंने उस पर कोई ध्यान नहीं दिया और ब्रॉडकास्ट जारी था। स्टेडियम के बाहर लोगों की जान गई, घायल हुए और अंदर आरसीबी जश्न मनाती रही।
जश्न तब खत्म हुआ जब भगदड़ में मौत की खबर अधिकारियों और खिलाड़ियों तक पहुंची। कर्नाटक सरकार ने सार्वजनिक तौर पर कबूला था कि आयोजन में किसी भी मानक संचालन प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया था।
वैसे आईपीएल 2026 में एक और टीम है जिसने अपने होम वेन्यू को बदल दिया है। राजस्थान रॉयल्स ने अपने होम वेन्यू को जयपुर से पुणे शिफ्ट कर दिया है। ऐसा राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के साथ अनबन की वजह से हुआ है। आरसीए के एक अधिकारी ने तो राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच-फिक्सिंग तक के आरोप लगा दिए थे, इससे बात और बिगड़ गई।

लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





