RR vs SRH: एक तरफ वैभव सूर्यवंशी तो दूसरी तरफ अभिषेक शर्मा और ईशान किशन, कैसी हो सकती हैं प्लेइंग XI
आईपीएल 2026 में आज यानी 13 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला है। विस्फोटक बल्लेबाजी करते आ रहे 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर खास नजर रहेगी। राजस्थान के पास अगर सूर्यवंशी हैं तो एसआरएच के पास अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जैसे विध्वंसक बल्लेबाज हैं।

आईपीएल 2026 में आज यानी 13 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला है। विस्फोटक बल्लेबाजी करते आ रहे 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर खास नजर रहेगी। राजस्थान के पास अगर सूर्यवंशी हैं तो एसआरएच के पास अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जैसे विध्वंसक बल्लेबाज हैं। कुल मिलाकर इस मैच में सुपर स्टार बैटर्स के बीच मुकाबला देखना दिलचस्प रहेगा। पॉइंट्स टेबल में टॉप पर चल रही राजस्थान रॉयल्स शायद ही अपने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव करे, लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग इलेवन में कुछ बदलाव दिख सकते हैं।
वैभव सूर्यवंशी vs अभिषेक शर्मा vs ईशान किशन
आईपीएल 2026 में अगर इन तीनों विस्फोटक बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर नजर डालें तो वैभव सूर्यवंशी के नाम 4 मैचों में 200 रन हैं। इस दौरान उन्होंने 2 अर्धशतक जड़े हैं और सर्वोच्च स्कोर 78 रन का है। वहीं अभिषेक शर्मा ने एसआरएच की तरफ से अभी तक 4 मैचों में 129 रन बनाए हैं जिसमें एक अर्धशतक है जब उन्होंने 74 रन की रही। SRH के कप्तान ईशान किशन ने अब तक 4 मैचों में 122 रन बनाए हैं जिसमें 1 अर्धशतक शामिल है, जब उन्होंने 80 रन की पारी खेली थी।
विजय रथ पर सवार राजस्थान रॉयल्स
राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2026 में विजय रथ पर सवार है। उसने अब तक 4 मैच खेले हैं और चारों में जीत हासिल की है। 8 अंकों के साथ टीम आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी हर मैच में विध्वंसक बल्लेबाजी करते दिखे हैं। अभी ऑरेंज कैप उनके नाम है। उन्होंने 4 मैचों में 200 रन बनाए हैं। वहीं गेंदबाजी में राजस्थान रॉयल्स के ही रवि बिश्नोई कमाल कर रहे हैं और पर्पल कैप की रेस में बने हुए हैं। बिश्नोई ने 9 विकेट हासिल किए हैं। उनसे ज्यादा विकेट सिर्फ गुजरात टाइटन्स के प्रसिद्ध कृष्ण के नाम हैं जिन्होंने अब तक 10 विकेट हासिल किए हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद को लय की तलाश
दूसरी तरफ सनराइजर्स हैदराबाद पॉइंट्स टेबल में 7वें पायदान पर है। अब तक 4 मैचों में उसे 3 में हार का सामना करना पड़ा है। पहले मैच में उसे आरसीबी से 6 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। दूसरे मुकाबले में केकेआर के खिलाफ एसआरएच ने 65 रन से जीत हासिल की थी। उसके बाद उसे अपने तीसरे मैच में लखनऊ सुपर जॉइंट्स से 5 विकेट से और चौथे मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी।
राजस्थान रॉयल्स की संभावित प्लेइंग इलेवन
राजस्थान रॉयल्स जीत के रथ पर सवार है, ऐसे में एसआरएच के खिलाफ मैच में शायद ही वह अपनी प्लेइंग इलेवन में बदलाव करे।
RR का संभावित प्लेइंग XI कुछ ऐसा हो सकता है- यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल, रियान पराग (कप्तान), शिमरन हेटमायर, रविंद्र जडेजा, डोनोवन फेरियरा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई, बृजेश शर्मा।
SRH कर सकती है प्लेइंग इलेवन में बदलाव
सनराइजर्स हैदराबाद लगातार तीसरी हार को टालने के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में कुछ बदलाव कर सकती है। पिछले मैच में उसने सिर्फ 3 विदेशी खिलाड़ियों को खिलाया था। इस मैच में टीम लियाम लिविंग स्टोन को प्लेइंग इलेवन में शामिल कर सकती है ताकि मिडल ऑर्डर को मजबूत किया जा सके। पिछले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ टीम 219 रन को डिफेंड नहीं कर सकी थी। ऐसे में वह इस मैच में अपनी गेंदबाजी यूनिट में कुछ बदलाव कर सकती है। ब्रायडन कार्स अगर फिट रहे तो उनको या शिवम मावी को जयदेव उनादकत या एशान मलिंग की जगह प्लेइंग इलेवन में रखा जा सकता है।
एसआरएच की संभावित प्लेइंग इलेवन कुछ ऐसे हो सकती है- अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (कप्तान), हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन, नीतीश कुमार रेड्डी, अनिकेत वर्मा, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, ब्रायडन कार्स, जयदेव उनादकत।
हेड टु हेड में SRH का पलड़ा भारी
राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद इससे पहले आईपीएल में अब तक 21 बार आमने-सामने हुई हैं। इनमें से 12 मैच में एसआरएच ने जीत हासिल की है, वही 9 मैचों में राजस्थान रॉयल्स विजयी रही है।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



