वैभव सूर्यवंशी टी20 क्रिकेट के डॉन ब्रेडमैन; 'बेबी बॉस' पर फिदा हुआ ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज
वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रनों की पारी खेलकर सनसनी सी मचा दी है। क्रिकेट की दुनिया के तमाम दिग्गज इस 15 साल के बच्चे की अद्भुत बल्लेबाजी की तारीफ कर रहे हैं। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर टॉम मूडी ने तो वैभव सूर्यवंशी की तुलना महानतम बल्लेबाज डॉन ब्रेडमैन से की है।

वैभव सूर्यवंशी की सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 29 गेंद में 97 रनों की विध्वंसक पारी के चर्चे दुनियाभर में हैं। सचिन तेंदुलकर, वीरेंदर सहवाग से लेकर क्रिस गेल तक क्रिकेट की दुनिया की तमाम दिग्गज इस 15 साल के लड़के की तारीफ कर रहे हैं। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज पूर्व क्रिकेटर टॉम मूडी ने तो वैभव सूर्यवंशी की तुलना सर्वकालिक महान बल्लेबाज डॉन ब्रेडमैन से की है। उन्होंने कहा कि सूर्यवंशी जो कर रहे हैं वो कल्पना से भी परे है।
ईएसपीएन क्रिकइन्फो से बातचीत में टॉम मूडी ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी की पारी को बयां करने के लिए उनके पास शब्द ही नहीं हैं।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर ने कहा, 'मैं ये समझने की कोशिश कर रहा हूं कि इसे बताएं कैसे। इसा विश्लेषण करने का सिर्फ एक ही तरीका है कि किसी को कहा जाए कि ये देखो और उसके बाद वह अपने शब्दों में उसे बयान करे। ऐसा इसलिए है कि हम कुछ ऐसा देख रहे हैं जो इस इस फॉर्मेट में और यहां तक कि किसी भी फॉर्मेट में हमने अपनी पूरी जिंदगी में ऐसा कुछ नहीं देखा है। हमने आश्चर्यजनक चीजें देखी हैं लेकिन इस हद तक नहीं।'
मूडी ने आगे कहा, ‘एक ही बात कह सकते हैं। ब्रेडमैन जो कर रहे थे, उन्होंने करीब 100 के औसत से टेस्ट क्रिकेट में रन बनाए और उसके बाद सेकंड बेस्ट एवरेज करीब 60 का है। इसी तरह का हम देख रहे हैं। ऐसा टी20 क्रिकेट में हो रहा है और 15 साल की उम्र में।’
आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद पर राजस्थान रॉयल्स की जीत के हीरो रहे वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी में 12 छक्के और 5 चौके जड़े। उन्होंने किसी एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा 59 छक्कों के क्रिस गेल के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। सूर्यवंशी अभी तक इस सीजन में 65 छक्के जड़ चुके हैं। वह ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे हैं। उन्होंने इस सीजन में अब तक 15 मैचों में 45.33 के जबरदस्त औसत और 242.85 के शानदार स्ट्राइक रेट के साथ 680 रन बनाए हैं।
मैच की बात करें तो बुधवार को न्यू चंडीगढ़ में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी राजस्थान रॉयल्स की तरफ से पारी की शुरुआत करने आए। रॉयल्स ने सूर्यवंशी के 29 गेंदों में 97 और ध्रुव जुरेल के 21 गेंदों में 50 रन की पारियों की बदौलत 8 विकेट के नुकसान पर 243 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की पूरी टीम 196 रन पर सिमट गई। वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। राजस्थान रॉयल्स अब 29 मई को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ क्वालिफायर 2 खेलेगी। उसमें जीतने वाली टीम 31 मई को फाइनल में आरसीबी से भिड़ेगी।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



